home page

सूरजपुर : खरीफ 2026 में पिछले वर्ष के अनुसार मिलेगा यूरिया, किसानों से संतुलित उपयोग की अपील

 | 

सूरजपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। आज मंगलवार को कृषि विभाग ने खरीफ मौसम 2026 के लिए यूरिया उर्वरक वितरण के संबंध में संशोधित दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत किसानों को खरीफ 2025 में प्राप्त यूरिया की मात्रा के आधार पर ही इस वर्ष सहकारी समितियों के माध्यम से यूरिया उपलब्ध कराया जाएगा।

कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार किसानों को यूरिया एकमुश्त या संबंधित सहकारी समिति में उपलब्ध स्टॉक के अनुसार दिया जाएगा। यदि किसी समिति में यूरिया की कमी के कारण किसान अपनी पूरी पात्र मात्रा एक साथ प्राप्त नहीं कर पाता है, तो शेष मात्रा बाद में स्टॉक उपलब्ध होने पर दी जाएगी।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य किसानों को समय पर यूरिया उपलब्ध कराना और उर्वरक का संतुलित एवं सुव्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करना है, ताकि खरीफ फसलों की खेती प्रभावित न हो।

कृषि विभाग ने किसानों से आवश्यकतानुसार ही यूरिया का उपयोग करने और मृदा परीक्षण के आधार पर संतुलित उर्वरक प्रबंधन अपनाने की अपील की है। विभाग का कहना है कि इससे फसलों की उत्पादकता बढ़ेगी और मिट्टी की उर्वरता भी बनी रहेगी।

यूरिया वितरण या कृषि योजनाओं से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए किसान अपनी निकटतम प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति, कृषि विस्तार अधिकारी अथवा कृषि विभाग के कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय