home page

निशान यात्रा के साथ धूमधाम से मना फाल्गुन महोत्सव, भजनों से गूंजा कुरूद नगर

 | 
निशान यात्रा के साथ धूमधाम से मना फाल्गुन महोत्सव, भजनों से गूंजा कुरूद नगर


धमतरी, 28 फ़रवरी (हि.स.)। धमतरी जिले के कुरुद ब्लाक में फाल्गुन एकादशी के अवसर पर शनिवार को कुरुद में श्याम बाबा भक्तमंडल द्वारा निशान यात्रा निकाली गई, जिसके साथ ही फाल्गुन महोत्सव का शुभारंभ हुआ। स्थानीय खाटू श्याम मंदिर कुरूद में आयोजित इस महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया।

कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत प्राचीन श्री राम मंदिर कुरूद से दोपहर चार बजे निशान यात्रा के साथ हुई। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत के साथ निकली यात्रा पुराना बाजार से होते हुए शहर के प्रमुख मार्गों, सरोजिनी चौक, कारगिल चौक और गौरव पथ से शंकर नगर पहुंची तथा अंत में खाटू श्याम मंदिर में संपन्न हुई। निशान धारी श्रद्धालुओं ने भगवान खाटू श्याम के सुमधुर भजनों पर झूमते हुए जयकारे लगाए। पूरे मार्ग में श्रद्धा और भक्ति का वातावरण बना रहा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। फाल्गुन महोत्सव के अंतर्गत मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना, भजन संध्या और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। भक्तों ने श्याम बाबा के दरबार में सुख-समृद्धि की कामना करते हुए आशीर्वाद प्राप्त किया। भक्ति और उत्साह से सराबोर यह आयोजन नगरवासियों के लिए आस्था का यादगार पर्व बन गया।

निशान यात्रा में राजेंद्र अग्रवाल, घनश्याम नवलनी, मोहन अग्रवाल, आलोक कुमार, सतीश पांडे, बल्लू साहु, सुभाष केला, मुकेश अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, प्रथम अग्रवाल कान्हा, चंदन शर्मा, मनोज अग्रवाल सहित अनेक भक्त शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा