home page

फर्जी सीआईडी अधिकारी गिरफ्तार, भेजा गया जेल

 | 
फर्जी सीआईडी अधिकारी गिरफ्तार, भेजा गया जेल


धमतरी, 22 फ़रवरी (हि.स.)। टोल टैक्स से बचने बस्तर क्षेत्र का एक युवक स्वयं को सीआईडी अधिकारी बताकर धौंस जमा रहा था। घटना की खबर पुलिस तक पहुंची, तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित के पास से पुलिस ने फर्जी आईडी कार्ड, नेशनल क्राइम कंट्रोल का बोर्ड व कार को जब्त कर कार्रवाई की है। फर्जी सीआईडी अधिकारी को पुलिस ने रव‍िवार को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 21 फरवरी को सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि धमतरी शहर के आमातालाब रोड स्थित श्रद्धा वेल्डिंग दुकान के पास एक युवक स्वयं को सीआईडी अधिकारी बताकर धौंस जमा रहा है। साथ ही अपने कार पर नेशनल क्राइम कंट्रोल का बोर्ड भी लगा रखा है। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को पकड़ा। वाहन के डैशबोर्ड पर इस संगठन का लोगो एवं पदनाम प्रदर्शित बोर्ड पाया गया। वाहन चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम टिकेश्वर नरेटी उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम डांगरा, थाना दुर्गकोंदल, जिला उत्तर बस्तर कांकेर का रहने वाला बताया। पूछताछ के दौरान आरोपित ने अपने पास दो आईडी कार्ड प्रस्तुत किए, जो फर्जी था। वहीं युवक वैधानिक नियुक्ति पत्र, प्रशिक्षण प्रमाण या अधिकृत आदेश प्रस्तुत नहीं कर सका।

इस पर पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ किया, तो युवक ने फर्जी सीआईडी अधिकारी होना स्वीकार किया। आरोपित ने बताया कि उसने सितंबर 2025 में कथित व्यक्तियों के माध्यम से उक्त फर्जी आईडी कार्ड बनवाए। समय-समय पर आनलाइन भुगतान कर उनकी वैधता बढ़ाई। आरोपित ने यह भी बताया कि वह इन कार्डों एवं बोर्ड का उपयोग टोल टैक्स से बचने एवं अन्य स्थानों पर प्रभाव जमाने के लिए करता था। पुलिस ने आरोपित के पास से दो नग फर्जी आईडी कार्ड, कार, मोबाइल समेत अन्य सामाग्री जब्त कर कार्रवाई की है। प्रथम दृष्टया आरोपित फर्जी पहचान बनाकर स्वयं को सरकारी व जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर आमजन को भ्रमित करना एवं अवैध लाभ प्राप्त करने का प्रयास करना पाया गया है। पुलिस ने आरोपित को विधिवत गिरफ्तार कर आज न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा