छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में नक्सलियों के डंप से विस्फोटकों का जखीरा बरामद
गरियाबंद, 19 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना क्षेत्र में नक्सल उन्मूलन अभियान के दौरान जवानों काे नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए विस्फोटकों का जखीरा बरामद किया। नक्सल डंप से टिफिन आईईडी, यूबीजीएल राउंड समेत अन्य सामग्री बरामद किया गया है।
मैनपुर थाने से साेमवार काे मिली जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ नक्सल मुक्त घोषित होने के बाद से लगातार जंगलों में माओवादियों डंप की तलाश की जा रही है। इसी कड़ी में रविवार काे मैनपुर थाना क्षेत्र के कुल्हाड़ीघाट, कठवा, गंवरमुड़ के जंगलों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। कार्रवाई में सीआरपीएफ की 65वीं बटालियन और जिला पुलिस बल की संक्युत टीमें शामिल रहीं।
अभियान के दौरान गोवरमुंडा में एक पुलिया के समीप संदिग्ध सामग्री मिलने पर इलाके की घेराबंदी कर तलाशी ली गई। इस दौरान नक्सल डंप मिला, लेकिन संभावित खतरे को देखते हुए सीआरपीएफ की बम खोज एवं निष्क्रियकरण दस्ते (बीडीएस) को बुलाया गया। बीडीएस ने जांच में जमीन के नीचे कई सामान बरामद किए। इनमें 2.5 किलोग्राम वजन की एक टिफिन आईईडी, चार यूबीजीएल राउंड, दो मीटर कोडेक्स वायर, 15 खाली खोखे, दवाइयां और रोजमर्रा के उपयोग का सामान शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि संभावित सुरक्षा जोखिम के मद्देनजर निर्धारित एसओपी और सुरक्षा उपायों के साथ टिफिन आईईडी और चारों यूबीजीएल राउंड को घटनास्थल पर ही नियंत्रित विस्फोट के साथ नष्ट कर दिया गया। सीआरपीएफ की 65वीं बटालियन ने क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए नक्सल विरोधी अभियानों को निरंतर जारी रखने की बात कही है।
गरियाबंद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक करण उईके ने साेमवार काे बताया कि गरियाबंद के मैनपुर थाना इलाके के कुल्हाड़ी घाट कैंप से एक टीम रविवार काे इलाके में सर्चिंग के लिए निकली थी, इस टीम में सीआरपीएफ और जिला पुलिस बल के जवान शामिल थे। सर्चिंग टीम जब गोवरमुंडा गांव के पास पहुंची तो उनको वहां पर उनको एक नक्सल डंप बरामद हुआ। बरामद किए गए डंप में एक ढाई किलो का टिफिन आईडी बम, 4 यूबीजीएल बम और कोडेक्स वायर मिले। मौके से नक्सलियों के इस्तेमाल होने वाले दैनिक सामान भी मिले हैं, जिसे मौके पर ही बीडीएस टीम ने बम को डिफ्यूज कर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

