home page

पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने चलाया मुक्तिधाम में स्वच्छता अभियान

 | 
पूर्व सैनिक सेवा परिषद ने चलाया मुक्तिधाम में स्वच्छता अभियान


कोंडागांव, 02 अगस्त (हि.स.)। जिले के मुक्तिधाम में आज रविवार को अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद की ओर से स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में परिषद से निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवक-युवतियों और पूर्व सैनिकों ने भाग लिया। यह अभियान मुख्य नगरपालिका अधिकारी सचिन गुप्ता के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।

अभियान के दौरान प्रतिभागियों ने मुक्तिधाम परिसर की व्यापक साफ-सफाई कर उसे स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया। पूर्व सैनिकों ने युवाओं के साथ श्रमदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया। परिषद के संरक्षक एवं बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि हर नागरिक का नैतिक और सामाजिक दायित्व है। उन्होंने युवाओं से अपने घर, मोहल्ले और सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के अध्यक्ष सूरज यादव ने युवाओं को अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और समाज सेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि देश सेवा केवल वर्दी पहनकर ही नहीं, बल्कि समाजहित में किए गए हर सकारात्मक कार्य से भी होती है। अभियान के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने अपने आस-पास स्वच्छता बनाए रखने और लोगों को इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में परिषद के संरक्षक और बस्तर संभाग प्रभारी सुब्रत साहा, जिला अध्यक्ष सूरज यादव, कोषाध्यक्ष सोमेश्वर भारती, सदस्य श्रीकांत तिवारी, राकेश धीवर और नगर पालिका परिषद के कर्मचारी संतोष साहू सहित युवक-युवतियां मौजूद रहे। स्थानीय नागरिकों और नगर पालिका प्रशासन ने इस पहल की सराहना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे