हर गांव हरा-भरा और विकसित हो : अरुण सार्वा
जिपं अध्यक्ष अरुण सार्वा ने किया गांवों का दौरा
धमतरी, 19 जुलाई (हि.स.)। विकास अब केवल सड़कों और भवनों तक सीमित नहीं, बल्कि हरियाली, जल संरक्षण और रोजगार से जुड़कर गांवों की तस्वीर बदल रहा है। इसी सोच को साकार करने के उद्देश्य से जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कुरूद विकासखंड के विभिन्न गांवों का दौरा कर पौधरोपण, ग्रामीण अधोसंरचना, अमृत सरोवर, नर्सरी, प्रशिक्षण केंद्रों और खेल मैदानों का निरीक्षण किया।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में हो रहे नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि हर गांव हरा-भरा, आत्मनिर्भर और विकसित बने, यही सभी जनप्रतिनिधियों का लक्ष्य होना चाहिए। दौरे की शुरुआत ग्राम नवागांव से हुई, जहां सरपंच एवं सरपंच संघ अध्यक्ष टिकेश साहू द्वारा मुख्य मार्ग से गांव तक लगभग एक किलोमीटर क्षेत्र में किए गए व्यापक पौधारोपण का अवलोकन किया गया। यहां नीम, कदम, बादाम, लक्ष्मी तरु सहित लगभग 200 पौधे लगाए गए हैं। तालाब किनारे विकसित हरित क्षेत्र और आकर्षक बैठने की व्यवस्था के साथ ही शासकीय प्राथमिक विद्यालय परिसर में तैयार किए गए सुंदर गार्डन ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद ग्राम गोजी में सरपंच जयमित्र साहू एवं पंचों ने स्वागत कर गांव में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। सड़क के दोनों ओर किए गए व्यापक पौधारोपण को अरुण सार्वा ने अन्य ग्राम पंचायतों के लिए प्रेरणादायी माडल बताया। ग्राम नारी में उन्होंने माटीकला प्रशिक्षण केंद्र और बुनकर प्रोडक्शन केंद्र का निरीक्षण कर स्थानीय रोजगार एवं स्वरोजगार गतिविधियों की जानकारी ली।
वहीं सिरसिदा में पौधारोपण कार्यों का अवलोकन करने के साथ शासकीय उद्यान रोपणी गाड़ाडीह का निरीक्षण कर नर्सरी में तैयार किए जा रहे पौधों की जानकारी प्राप्त की। ग्राम मंदरौद स्थित शहीद भगत सिंह स्टेडियम का भी निरीक्षण किया, जिसका निर्माण जनभागीदारी से युवा पक्षी एवं पर्यावरण प्रेमी मोहन साहू के नेतृत्व में किया गया है। इस दौरान मोहन साहू ने पक्षी संरक्षण के लिए तैयार किए गए कृत्रिम आशियाना (नेस्ट) भेंट किए और गौरैया सहित अन्य पक्षियों के संरक्षण के लिए किए जा रहे नवाचारों की जानकारी दी। इन प्रयासों की सराहना करते हुए अरुण सार्वा ने इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया। इसके बाद ग्राम कन्हारपुरी में निर्मित अमृत सरोवर का निरीक्षण कर जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के कार्यों का अवलोकन किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष गोकरण साहू, सरपंच संघ अध्यक्ष टिकेश साहू, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अरुण सार्वा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में हरियाली बढ़ाने, जल संरक्षण को मजबूत करने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए किए जा रहे प्रयास भविष्य में गांवों को आत्मनिर्भर, समृद्ध और आदर्श ग्राम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

