ओजोन परत के संरक्षण के लिए हर व्यक्ति की सहभागिता जरूरी : एचके सिंह
कोरबा, 18 सितम्बर (हि. स.)। हसदेव ताप विद्युत संयंत्र (एचटीपीएस) कोरबा पश्चिम में अंतरराष्ट्रीय ओजोन परत संरक्षण दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और ओजोन परत के महत्व को लेकर आज जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक एचके सिंह ने ओजोन परत को पृथ्वी का प्राकृतिक सुरक्षा कवच बताते हुए इसके संरक्षण में प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी को जरूरी बताया।
उन्होंने कहा कि वायुमंडल में मौजूद ओजोन परत सूर्य से आने वाली हानिकारक पराबैंगनी किरणों के बड़े हिस्से को रोककर पृथ्वी पर जीवन की रक्षा करती है। ओजोन परत को नुकसान पहुंचाने वाले रसायनों के उत्सर्जन को नियंत्रित करने के साथ पर्यावरण-अनुकूल तकनीकों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में पाली रसायनज्ञ प्रदीप देवांगन ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से ओजोन परत पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव और इसके संरक्षण के उपायों की जानकारी दी। वर्ष 2026 की थीम ‘शीतित ग्रह के लिए वैश्विक कार्रवाई’ (ग्लाेबल एक्शन फाॅर ए कूलर प्लैनेट) पर भी जानकारी साझा की गई।
अधिकारियों और कर्मचारियों में जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रश्नोत्तरी और नारा प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। नारा प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों आलोक कुमार रात्रे, मनोज पटेल और सूर्य प्रकाश जायसवाल को कार्यपालक निदेशक एचके सिंह ने पुरस्कार प्रदान किए।
पुरस्कार वितरण समारोह में अतिरिक्त मुख्य अभियंता एमके गुप्ता, केएनबी राव, एके शाह और एसके नायर सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का समन्वय एवं संचालन सहायक प्रबंधक (पर्यावरण) विकास उईके ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

