home page

आश्रम-छात्रावासों में अनुमति लेकर जाना हाेगा , जारी आदेश का बीजापुर विधायक ने की निंदा

 | 
आश्रम-छात्रावासों में अनुमति लेकर जाना हाेगा , जारी आदेश का बीजापुर विधायक ने की निंदा


बीजापुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर में आश्रम-छात्रावासों के निरीक्षण को लेकर जारी प्रशासनिक आदेश पर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी ने आज मंगलवार काे समाचार विज्ञप्ति जारी कर जिला प्रशासन के फैसले की कड़ी आलोचना की है।

उन्होंने कहा कि अब निगरानी समिति के अलावा किसी भी बाहरी व्यक्ति—चाहे वह जनप्रतिनिधि हो, मीडिया का सदस्य हो या आम ग्रामीण—को आश्रम या छात्रावास का निरीक्षण करने से पहले विभाग और अनुविभागीय अधिकारी से लिखित अनुमति लेनी होगी। विधायक के अनुसार, यह व्यवस्था पारदर्शिता के खिलाफ है।

विक्रम मंडावी का तर्क है कि जब मीडिया और जनप्रतिनिधि इन संस्थाओं का दौरा करते हैं, तभी वहां की अव्यवस्थाएं सामने आती हैं और शासन-प्रशासन को सुधार के लिए कदम उठाने पड़ते हैं। अगर लोगों के प्रवेश पर रोक लगाई जाएगी, तो समस्याएं छिप सकती हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में सभी को देखने और सवाल उठाने का अधिकार है, और मीडिया को “चौथा स्तंभ” माना जाता है। ऐसे में प्रशासन को खामियों को उजागर करने वालों को रोकने के बजाय लापरवाही करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई करनी चाहिए। आश्रम में जाने से रोकने के लिए जारी आदेश का विधायक ने निंदा किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे