home page

विष्णु देव साय को मुख्यमंत्री की शपथ लेते देखने बगिया में दिखा उत्साह का माहौल

 | 
विष्णु देव साय को मुख्यमंत्री की शपथ लेते देखने बगिया में दिखा उत्साह का माहौल
राज्य के नए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को शपथ लेते समय, उनके पुश्तैनी घर के पास बसे ग्रामवासियों में भी भारी भीड़ है। जशपुर जिले के कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में स्थित गाँव बगिया के लोगों को शपथ ग्रहण समारोह को लाइव देखने की व्यवस्था उनके पुश्तैनी घर के बाहर ही की गई है। एक बड़ा एलईडी स्क्रीन लगाया गया है, जिस पर समारोह लाइव दिखाया जा रहा है। इस स्थान पर गाँव के बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग, और अन्य लोगों की भीड़ उपस्थित है। आसपास के लोगों का आना-जाना भी बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री के रूप में विष्णु देव साय को शपथ लेते हुए देखने आए ग्रामीणों का कहना है कि आज का यह दिन उनके लिए ऐतिहासिक है। उनके गाँव का लाल पहले पंच फिर सरपंच बना। विधायक बनने के साथ ही सांसद बना और अब प्रदेश का मुख्यमंत्री बनकर गाँव के नाम को रौशन करने जा रहा है। गाँव के ही बुजुर्ग ग्रामीण जितरंजन साय का कहना है कि बड़ी खुशी है कि आज हमारा भतीजा मुख्यमंत्री के पद पर बैठेगा। उन्होंने बताया कि वह विष्णु देव को बचपन से ही जानता है। वे उन्हें भतीजा मानते हैं और विष्णु देव भी उनको चाचा कहते हैं। जितरंजन साय ने बताया कि अब उनके मुख्यमंत्री बनने से गाँव की पहचान बढ़ने के साथ विकास की रफ्तार भी बढ़ेगी। शपथ ग्रहण समारोह को लाइव देखने आई गाँव की महिला शानियरो बाई ने बताया कि हमारे लिए यह गौरव की बात है कि विष्णु देव साय मुख्यमंत्री बन रहे हैं। आज उन्हें शपथ लेते हुए देखने आई है। उन्होंने कहा कि गाँव की कुछ समस्याएं हैं जो अब जल्दी ही दूर हो जाएगी। गाँव की जमुना बाई, प्रेम मनी बाई बुधनी बाई और बलदेव राम, लालजीत पैकरा सहित बहुत से ग्रामीण घर के पास लगाई गई एलईडी स्क्रीन में अपनी आँखें गड़ाए हुए हैं। वे अपने गाँव के बेटे को शपथ लेते हुए देखने उत्सुक है और उत्साहित भी है। वे कहते है कि आज बहुत ही खुशी महसूस हो रही है। जब मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गाँव आएंगे तो उनका बहुत गर्मजोशी से स्वागत किया जाएगा।