बस्तर ओलम्पिक के आयोजन में जवाबदेही के साथ सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें : कमिश्नर
जगदलपुर, 04 नवंबर (हि.स.)। कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बस्तर ओलम्पिक आयोजन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।
उन्होंने संभाग के जिला खेल अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को आयोजन की प्रत्येक व्यवस्था को बेहतर, सुव्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलम्पिक केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि क्षेत्र के युवाओं की खेल प्रतिभा को सामने लाने, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने और खेल के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसलिए आयोजन की प्रत्येक जिम्मेदारी पूरी जवाबदेही के साथ निभाई जाए।
कमिश्नर सिंह ने विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताओं के दौरान बारिश की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए मैदान, खिलाड़ियों के ठहरने, पेयजल, भोजन, आवागमन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने जिलास्तरीय प्रतियोगिता के लिए भी अभी से माकूल इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और प्रतियोगिताओं का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके।
उन्होंने आयोजन में अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न खेल संघों का सहयोग लेने की बात कही। साथ ही स्टेट एवं नेशनल स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों को आयोजन से जोड़कर उनके माध्यम से प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनुभवी और सफल खिलाड़ियों की सहभागिता से स्थानीय प्रतिभाओं को प्रेरणा मिलेगी तथा उनमें आगे बढ़कर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का उत्साह पैदा होगा।
कमिश्नर ने बस्तर ओलम्पिक के आयोजन में स्थानीय जनभागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताते हुए संबंधित क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति से खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन होगा और आयोजन को व्यापक जनसहयोग एवं सहभागिता मिलेगी। खिलाड़ियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सिंह ने प्रत्येक आयोजन स्थल पर आवश्यक दवाइयों, एंबुलेंस और चिकित्सा दल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतियोगिता के दौरान किसी खिलाड़ी को चोट लगने अथवा स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाए। आवश्यकता पड़ने पर बेहतर उपचार के लिए खिलाड़ी को बिना विलंब उच्च चिकित्सा संस्थान में रिफर करने की व्यवस्था भी सुनिश्चित होनी चाहिए।
कमिश्नर डोमन सिंह ने आयोजन की प्रत्येक व्यवस्था के लिए पृथक-पृथक अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपने और उनके कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मैदान की तैयारी, खेल सामग्री, पेयजल, भोजन, आवास, परिवहन, चिकित्सा सुविधा और अन्य व्यवस्थाओं के लिए स्पष्ट जवाबदेही तय की जाए। प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करे तथा व्यवस्थाओं की सतत मॉनिटरिंग कर कमियों को तत्काल दूर करे। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए आयोजन को बेहतर, सुरक्षित और सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

