home page

खाली तिजोरी, ठप सेवाएं: नगर निगम के खिलाफ कांग्रेसी पार्षदों का प्रदर्शन

 | 
खाली तिजोरी, ठप सेवाएं: नगर निगम के खिलाफ कांग्रेसी पार्षदों का प्रदर्शन


खाली तिजोरी, ठप सेवाएं: नगर निगम के खिलाफ कांग्रेसी पार्षदों का प्रदर्शन


धमतरी, 23 अप्रैल (हि.स.)। शहर की बदहाल मूलभूत सुविधाओं को लेकर नगर निगम के खिलाफ कांग्रेसी पार्षदों का आक्रोश सड़कों पर नजर आया। गुरुवार को पार्षदों ने निगम कार्यालय के बाहर “नगर निगम कंगाल है” लिखी तख्तियां लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

पार्षदों ने आरोप लगाया कि नगर निगम आमजन को पानी, बिजली, सफाई और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं तक मुहैया कराने में विफल साबित हो रहा है। उनका कहना था कि भाजपा को निगम में बैठे करीब डेढ़ साल हो चुके हैं, लेकिन शहर के विकास के लिए कोई ठोस फंड उपलब्ध नहीं हो पाया है। विपक्षी पार्षदों ने बताया कि महीनों से कई वार्डों में स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं और खराब लाइटों की मरम्मत के लिए आवश्यक सामग्री तक उपलब्ध नहीं है। पेयजल आपूर्ति भी लगातार बाधित हो रही है। हालात इतने खराब हैं कि मोटर पंप के लिए केबल तक नहीं है और पार्षदों को खुद के पैसे से वायर खरीदने पड़ रहे हैं। सफाई व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए गए। पार्षदों का आरोप है कि झाड़ू तक की खरीद नहीं हो पा रही है और कचरा रिक्शा खराब हालत में पड़े हैं। जिम्मेदार अधिकारियों से पूछने पर हर बार “फंड की कमी” का हवाला दिया जाता है। पार्षदों ने यह भी कहा कि डेढ़ साल बीतने के बाद भी पार्षद निधि के कार्यों के लिए टेंडर जारी नहीं हो पाए हैं, जिससे वार्डों में विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं। करोड़ों की घोषणाएं सिर्फ कागजों और खबरों तक सीमित हैं, जमीन पर कोई काम नजर नहीं आता। प्रदर्शनकारियों ने निगम में तानाशाही, कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए और निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए मूलभूत सुविधाओं में सुधार तथा पारदर्शिता की मांग की।

प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, उप नेता विशु देवांगन, पार्षद योगेश लाल, सुमन मेश्राम और राजेश पांडे सहित अन्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा