home page

जिले की ग्राम पंचायतों में सात अक्टूबर काे मनेगा रोजगार, आवास और चावल उत्सव

 | 
जिले की ग्राम पंचायतों में सात अक्टूबर काे मनेगा रोजगार, आवास और चावल उत्सव


धमतरी, 06 अक्टूबर (हि.स.)। शासन के निर्देशानुसार सात अक्टूबर को जिले की सभी ग्राम पंचायतों में रोजगार दिवस, आवास दिवस एवं चावल उत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई जाएगी। साथ ही पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।

ग्राम पंचायतों में स्वप्रकटीकरण क्यूआर कोड को अधिक से अधिक ग्रामीणों से स्कैन कराया जाएगा, ताकि पंचायत से जुड़ी आवश्यक जानकारियां आमजन को सहज और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध हो सकें। वहीं वीबीजी-रामजी योजना के तहत विकसित भारत ग्राम पंचायत प्लान को अधिक प्रभावी और जनोपयोगी बनाने के लिए ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों से चर्चा की जाएगी। पंचायतों में स्वीकृत विकास कार्यों को शीघ्र शुरू कराने तथा पर्याप्त संख्या में श्रमिकों का नियोजन कर निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने पर विशेष जोर रहेगा।

जिला पंचायत के सीईओ जयंत नाहटा ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ मुख्यमंत्री आवास योजना, जनमन आवास योजना और विशेष परियोजनाओं के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण को भी प्राथमिकता से पूरा कराया जाएगा। हितग्राहियों को अनुकूल मौसम का लाभ उठाते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। आवास निर्माण में स्थानीय स्तर पर आने वाली समस्याओं का संबंधित विभागों के समन्वय से तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। रोजगार दिवस के दौरान ग्रामीणों को रोजगार के अवसरों और पंचायत स्तर पर संचालित कार्यों की जानकारी देने के साथ अधिक से अधिक श्रमिकों को नियोजित करने पर जोर रहेगा। चावल उत्सव के माध्यम से खाद्यान्न वितरण व्यवस्था और शासन की संबंधित योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।

जिला पंचायत सीईओ ने सभी संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायतों से तीनों आयोजनों को प्रभावी ढंग से संपन्न कराने की अपील की है, ताकि योजनाओं की जानकारी अंतिम पंक्ति के ग्रामीण तक पहुंचे और पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके। पंचायत विकास कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने तथा रोजगार और आवास से जुड़े कार्यों को गति देने से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा