जांजगीर-चांपा में रोजगार दिवस और आवास दिवस का आयोजन, जल संरक्षण और मनरेगा योजनाओं की दी गई जानकारी
जांजगीर-चांपा, 07 मई (हि. स.)। जिले के सभी जनपद पंचायतों की ग्राम पंचायतों में गुरुवार को रोजगार दिवस एवं आवास दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, मनरेगा और जल संरक्षण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही स्वीकृत आवासों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण कराने और रोजगार मूलक कार्यों को गति देने पर जोर दिया गया।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों को आवास एवं मनरेगा योजनाओं से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
रोजगार दिवस कार्यक्रम के तहत बरभांठा, पेंड्री, सेमरा, टूरी, चौराभांठा, पुटपुरा, करमा, बुड़गहन, ससहा, ठाकुरदिया, करमंदी, अमोरा, सुकली, झर्रा, पीथमपुर और खपरीडीह सहित कई ग्राम पंचायतों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। ग्रामीणों को रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचना निर्माण और जल संरक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान मनरेगा अंतर्गत संचालित कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने और मांग आधारित नए कार्य शुरू करने पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि जल संरक्षण और रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए शासन द्वारा कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना लक्ष्य है।
इस दौरान “मोर गांव-मोर पानी-मोर तरिया अभियान” के तहत “नवा तरिया-आय के जरिया” अभियान की जानकारी भी दी गई। ग्रामीणों को बताया गया कि तालाब निर्माण, जल संचयन और संरक्षण कार्यों से न केवल जल संकट कम होगा बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
कार्यक्रम में जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए स्लोगन, नारों और जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से जल बचाने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

