जांजगीर : ग्राम पंचायतों में रोजगार और आवास दिवस मनाया गया
जांजगीर-चांपा, 07 मार्च (हि. स.)। जिले की सभी ग्राम पंचायतों में शनिवार को महात्मा गांधी नरेगा के अंतर्गत रोजगार दिवस और प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर शासन के निर्देशानुसार चावल महोत्सव का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और हितग्राही शामिल हुए।
यह कार्यक्रम कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन और जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत स्वीकृत आवासों का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही हितग्राहियों को आवास निर्माण की प्रक्रिया, किश्तों की जानकारी और निर्माण कार्य में आने वाली समस्याओं के समाधान के संबंध में विस्तार से मार्गदर्शन दिया गया।
अधिकारियों ने हितग्राहियों से संवाद करते हुए बताया कि आवास निर्माण में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे ग्राम पंचायत या संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए सोकपिट निर्माण, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग और आजीविका डबरी निर्माण की भी जानकारी दी गई।
इस दौरान क्यूआर कोड स्कैन प्रणाली के माध्यम से ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), महात्मा गांधी नरेगा और विकसित भारत जी-राम जी अधिनियम 2025 से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों और नए दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन कर योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई गई, जिससे वे शासन की योजनाओं से आसानी से जुड़ सकें।
रोजगार दिवस के अवसर पर महात्मा गांधी नरेगा के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा भी की गई और ग्रामीणों को उपलब्ध रोजगार अवसरों के बारे में जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि नरेगा मजदूरी भुगतान और प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित किश्तों की राशि जल्द ही भारत सरकार से प्राप्त होने वाली है, जिससे हितग्राहियों को राहत मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर लंबित समस्याओं की जानकारी लेकर उनके त्वरित निराकरण के निर्देश भी दिए गए। साथ ही युक्तधारा पोर्टल के माध्यम से संतृप्तता आधारित ग्राम पंचायतों की आदर्श योजना और विकसित भारत जी-राम जी योजना के क्रियान्वयन की जानकारी साझा की गई।
चावल महोत्सव के अवसर पर ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और शासन की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

