home page

नगर निगम कर्मचारियों का मई माह का वेतन अटका, कर्मचारी आक्रोशित

 | 
नगर निगम कर्मचारियों का मई माह का वेतन अटका, कर्मचारी आक्रोशित


धमतरी, 17 जून (हि.स.)। नगर पालिक निगम धमतरी के कर्मचारियों का मई 2026 माह का वेतन अब तक जारी नहीं होने से कर्मचारियों में असंतोष और चिंता का माहौल बन गया है। वेतन भुगतान में हो रही देरी को लेकर नवयुक्त अधिकारी-कर्मचारी कल्याण संघ छत्तीसगढ़ ने बुधवार को महापौर को ज्ञापन सौंपते हुए लंबित वेतन का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की है।

संघ के संरक्षक पीसी सार्वा, महेंद्र सिंह जगत, अध्यक्ष मंगलूराम निर्मलकर, रोशन लोढ़े, संजय गुप्ता, नितिन बनवासी ने कहा कि मई माह का वेतन 17 जून तक भी कर्मचारियों के खातों में नहीं पहुंच पाया है। वेतन नहीं मिलने के कारण कर्मचारियों और उनके परिवारों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति से लेकर घरेलू खर्चों तक पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। कर्मचारी संघ ने बताया कि वर्तमान समय में नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है। ऐसे में बच्चों की स्कूल फीस जमा करना, ड्रेस, किताबें और अन्य शैक्षणिक सामग्री खरीदना कर्मचारियों के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। कई कर्मचारी आर्थिक दबाव के कारण परेशान हैं और उन्हें जरूरी खर्चों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि समय पर वेतन भुगतान नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी और आक्रोश बढ़ रहा है।

संघ का कहना है कि समय पर वेतन भुगतान कर्मचारियों का अधिकार है और इसमें अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। प्रदेश महामंत्री तरूण गजेंद्र का कहना है कि नियमित रूप से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के बावजूद उन्हें समय पर वेतन नहीं मिलना चिंता का विषय है। इससे कर्मचारियों का मनोबल भी प्रभावित हो रहा है। नवयुक्त अधिकारी-कर्मचारी कल्याण संघ ने महापौर से आग्रह किया है कि कर्मचारियों की समस्याओं और उनकी पारिवारिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मई 2026 का लंबित वेतन तत्काल जारी कराया जाए।

संघ के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि नगर निगम प्रशासन इस गंभीर विषय पर संवेदनशीलता दिखाते हुए जल्द आवश्यक कदम उठाएगा, ताकि कर्मचारियों और उनके परिवारों को राहत मिल सके तथा निगम के कार्यों पर भी किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा