home page

बड़सरा में विद्युत उपकेंद्र के लिए भूमि, 22 तक दावा-आपत्ति

 | 

भैयाथान तहसील न्यायालय में 22 सितंबर को प्रस्तुत कर सकेंगे आपत्ति

सूरजपुर, 17 सितंबर (हि.स.)।सूरजपुर जिले के भैयाथान तहसील के ग्राम पंचायत बड़सरा में 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र की स्थापना के लिए 2 एकड़ शासकीय भूमि आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके लिए ग्राम बड़सरा स्थित शासकीय आबादी मद की खसरा नंबर 1314 की कुल 1.43 हेक्टेयर भूमि में से आवश्यक भूमि आवंटन का प्रस्ताव तहसील न्यायालय भैयाथान में विचाराधीन है।

भूमि आवंटन के संबंध में ग्राम पंचायत बड़सरा की ग्राम सभा ने प्रस्ताव क्रमांक 11 के तहत 24 जून 2026 को सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया था। इसके बाद राजस्व निरीक्षक और हल्का पटवारी से जांच प्रतिवेदन तथा संबंधित दस्तावेज प्राप्त किए गए हैं। इन दस्तावेजों के आधार पर विद्युत उपकेंद्र की स्थापना के लिए भूमि आवंटन की कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।

प्रशासन ने उक्त भूमि के आवंटन पर किसी व्यक्ति को आपत्ति या दावा होने पर उसे प्रस्तुत करने का अवसर दिया है। इच्छुक व्यक्ति 22 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे तहसील न्यायालय भैयाथान में स्वयं उपस्थित होकर अपना दावा या आपत्ति प्रस्तुत कर सकता है।

निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले दावे या आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय