home page

बलरामपुर नगर पालिका के नए एल्डरमैनों ने ली शपथ, जनसेवा और विकास का लिया संकल्प

 | 
बलरामपुर नगर पालिका के नए एल्डरमैनों ने ली शपथ, जनसेवा और विकास का लिया संकल्प


बलरामपुर, 10 जुलाई (हि.स.)।बलरामपुर नगर पालिका परिषद के नवनियुक्त एल्डरमैनों ने शुक्रवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में मंत्री रामविचार नेताम और सांसद चिंतामणि महाराज ने नव-निर्वाचित एल्डरमैनों को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ईमानदारी और समर्पण के साथ काम करने की सीख दी।

बलरामपुर जिला मुख्यालय के बाजारपारा स्थित ऑडिटोरियम भवन में नगर पालिका परिषद बलरामपुर के नवनियुक्त एल्डरमैनों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आदिम जाति, कृषि एवं कृषक कल्याण, मछली पालन तथा पशुपालन मंत्री रामविचार नेताम और सरगुजा संसदीय क्षेत्र के सांसद चिंतामणि महाराज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने सभी नवनियुक्त एल्डरमैनों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

समारोह के दौरान लाला लकड़ा, गोपाल मिश्रा, राजेश श्रीवास्तव, राजेश गुप्ता, मनोज गुप्ता तथा सीमा सोनी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर नगर के विकास और जनसेवा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।

अपने संबोधन में मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि नगर के विकास में जनप्रतिनिधियों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि सभी एल्डरमैन पारदर्शिता, ईमानदारी और टीम भावना के साथ कार्य करें तथा जनता की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए बलरामपुर को स्वच्छ, सुंदर और बेहतर नगर बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।

सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि एल्डरमैन का पद केवल सम्मान नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने सभी नवनियुक्त एल्डरमैनों को शुभकामनाएं देते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष लोधी एक्का, उपाध्यक्ष दिलीप सोनी, सहकारी बैंक के संभागीय अध्यक्ष रामकिशुन सिंह, शिवनाथ यादव सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा अपर कलेक्टर एवं एसडीएम अभिषेक गुप्ता, नगर पालिका सीएमओ दीपक एक्का, अन्य अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक भी समारोह में शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय