तिमेड में वृद्धजन दिवस पर साड़ी-श्रीफल भेंट कर बुजुर्ग महिलाओं का किया सम्मान
बीजापुर, 01 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के ग्राम पंचायत तिमेड में वृद्धजन दिवस के उपलक्ष्य में आज गुरूवार काे सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत की बुजुर्ग महिलाओं को साड़ी एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने बुजुर्ग महिलाओं का सम्मान करते हुए उनका आशीर्वाद लिया और उनके स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना की। ग्राम पंचायत तिमेड की सरपंच श्रीमती वासम लक्ष्मी ने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके अनुभव और मार्गदर्शन से नई पीढ़ी को जीवन की महत्वपूर्ण सीख मिलती है। वृद्धजनों का सम्मान करना हमारी सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी है।
समारोह के दौरान बुजुर्ग महिलाओं में भी उत्साह देखने को मिला। ग्राम पंचायत द्वारा आयोजित इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना की।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

