home page

पाली के हर्राडीह में सोते परिवार पर धारदार हथियार से हमला, बुजुर्ग महिला की हत्या, बेटा-बहू गंभीर

 | 
पाली के हर्राडीह में सोते परिवार पर धारदार हथियार से हमला, बुजुर्ग महिला की हत्या, बेटा-बहू गंभीर


कोरबा, 27 जुलाई (हि. स.)। जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हर्राडीह में रविवार देर रात एक ही परिवार पर धारदार हथियार से किए गए जानलेवा हमले में 65 वर्षीय समारिन बाई धनवार की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा हेतराम धनवार (45) और बहू प्रमिला धनवार (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में मृतका के एक परिजन को गिरफ्तार कर लिया है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के अनुसार घटना रविवार रात करीब 11 बजे की है। समारिन बाई अपने बेटे और बहू के साथ घर में सो रही थीं। इसी दौरान आरोपी घर में घुसा और धारदार हथियार से तीनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में समारिन बाई के सिर एवं शरीर पर गंभीर चोटें आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हेतराम और प्रमिला गंभीर रूप से घायल हो गए।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और डायल-112 व पाली थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतका के एक परिजन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपित ने हत्या और हमले की वारदात स्वीकार कर ली। पुलिस अब घटना के पीछे की वास्तविक वजह और अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच कर रही है।

घटना के बाद गांव की मूलभूत सुविधाओं की कमी भी उजागर हुई। ग्रामीणों ने बताया कि हर्राडीह तक आज भी पक्की सड़क नहीं पहुंची है। सड़क के अभाव में ग्रामीणों को शव तथा दोनों घायलों को करीब एक किलोमीटर तक खाट और लकड़ी के सहारे मुख्य मार्ग तक लाना पड़ा, जहां से एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया। ग्रामीणों ने गांव तक शीघ्र पक्की सड़क निर्माण की मांग दोहराई है।

नागेश तिवारी, थाना प्रभारी, पाली ने बताया कि हर्राडीह में एक महिला की हत्या तथा दो लोगों के घायल होने के मामले में एक संदिग्ध आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में उसने वारदात करना स्वीकार किया है। घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी