सियानगुड़ी में बुजुर्गों ने मनाई दीपावली
रेडक्रॉस पदाधिकारियों ने सियान गुड़ी पहुंचकर जाना वरिष्ठजनों का हाल
धमतरी, 07 नवंबर (हि.स.)। दीपावली पर्व के अवसर पर इंडियन रेडक्राॅस सोसाइटी जिला शाखा धमतरी के पदाधिकारियों ने शनिवार काे जननी सेवा संस्थान द्वारा संचालित वरिष्ठ नागरिक डे-केयर सेंटर सियान गुड़ी पहुंचकर बुजुर्गों से आत्मीय मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य एवं कुशलक्षेम की जानकारी ली।
इस दौरान रेडक्रॉस सोसाइटी की चेयरमैन प्राप्ति वाशानि, प्रबंधन समिति के सदस्य डॉ. गुरुशरण साहू, जिला रेडक्रॉस अधिकारी मनोज साहू एवं सहायक जिला रेडक्रॉस अधिकारी सत्य प्रकाश प्रधान ने वरिष्ठजनों से बातचीत कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं, आर्थिक स्थिति, रहन-सहन और दैनिक आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली।
कार्यक्रम का आयोजन जननी सेवा संस्थान की अध्यक्ष अन्नपूर्णा गजेंद्र एवं संयोजक शेषनारायण गजेंद्र के मार्गदर्शन में किया गया। पदाधिकारियों ने बुजुर्गों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि भविष्य में स्वास्थ्य अथवा अन्य आवश्यकताओं के लिए जरूरत पड़ने पर रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से यथासंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर वरिष्ठजनों को फल, नाश्ता एवं मिठाइयां वितरित की गईं। सभी ने बुजुर्गों के साथ समय बिताकर दीपावली की खुशियां साझा कीं। शाम को दीप प्रज्वलित कर उत्सव की शुरुआत की गई। इसके बाद आतिशबाजी के साथ वरिष्ठजनों ने दीपावली पूर्व उत्सव का आनंद लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

