home page

कलेक्टर ने ली एकलव्य विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक

 | 
कलेक्टर ने ली एकलव्य विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक


- कक्षावार रिजल्ट सुधार व व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के कड़े निर्देश

- निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की होगी सख्त निगरानी

बलौदाबाजार, 9 सितंबर (हि. स.)। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सोनाखान के शाला प्रबंधन समिति की बैठक बुधवार को कलेक्टर कुलदीप शर्मा की अध्यक्षता मे संपन्न हुई।

कलेक्टर शर्मा ने विद्यालय की विगत वर्ष की परीक्षा परिणाम, स्कूल की शिक्षण व्यवस्था एवं छात्रावास मे व्यवस्थाओं को लेकर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए रिजल्ट मे सुधार और व्यवस्थाएं ठीक करने के निर्देश प्राचार्य को दिये।

कलेक्टर शर्मा ने स्पष्ट निर्देश दिये कि, स्कूल की सम्पूर्ण प्रबंधन की जिमेदारी प्राचार्य की है।शिक्षको में आपसी समन्वय से लेकर छात्रों की पढ़ाई व आवासीय सुविधाएं मुहैया कराने मे कोई कोताही नहीं चलेगी।

उन्होंने कहा कि, बेहतर आवासीय सुविधा के साथ शिक्षा प्रदान करने केंद्र सरकार द्वारा संचालित एकलव्य विद्यालय में पर्याप्त बजट आवंटित किया जाता है। पर्याप्त शिक्षक की व्यवस्था होने के बावजूद रिजल्ट ख़राब होना और छात्रों को सुविधाएं नहीं मिलना विद्यालय की कुप्रबंधन का परिणाम है।

उन्होंने प्राचार्य को निर्देशित किया कि सभी कक्षाओं मे रिक्त सीटों को तत्काल भरने की कार्यवाही किया जाए। अध्यापन के दौरान कोई शिक्षक मोबाइल लेकर कक्षा मे न जाए, इसकी कड़ी मॉनिटरिंग करें। जिन संविदा शिक्षकों के द्वारा अध्यापन मे रूचि नहीं ली जा रही है उन्हें हटाकर नये शिक्षक की व्यवस्था करें। इसके साथ ही हर माह पेरेंट्स -मीटिंग आयोजित करने,छात्रों को पुस्तक व ड्रेस वितरण के भी निर्देश दिये।

कलेक्टर ने स्कूल परिसर मे निर्माणाधीन कार्यो की गुणवत्ता की समीक्षा करते हुए कहा कि गुणवत्ता मे किसी तरह की समझौता न हो। उन्होंने विद्यालय के निरीक्षण हेतु अपर कलेक्टर,सहायक आयुक्त आदिवासी विकास एवं पीडब्लूडी के अधिकारियो की टीम को निर्देशित किया। इस दौरान कलेक्टर ने उपस्थित अभिभावको की समस्याएं भी सुनी और शीघ्र निराकरण का भरोसा दिलाया।

बैठक मे अपर कलेक्टर एआर टंडन सहित समिति के सदयस्य, प्राचार्य एवं अभिभावक उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर