home page

बलरामपुर : एकलव्य विद्यालय पहुंचीं कलेक्टर, विद्यार्थियों से किया संवाद

 | 
बलरामपुर : एकलव्य विद्यालय पहुंचीं कलेक्टर, विद्यार्थियों से किया संवाद


पढ़ाई, लक्ष्य और पंचायत व्यवस्था पर हुई चर्चा, बेहतर शिक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश

बलरामपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने आज बुधवार काे एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, भेलवाडीह का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई, भविष्य की योजनाओं और विषयगत समझ के बारे में जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षा 11वीं के विद्यार्थियों से उनके करियर और लक्ष्य को लेकर चर्चा की। उन्होंने सामाजिक विज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे और विद्यार्थियों को त्रिस्तरीय पंचायत व्यवस्था की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी।

कलेक्टर ने विद्यार्थियों की नोटबुक भी देखी और उनकी लेखन शैली व शैक्षणिक प्रगति का आकलन किया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर मेहनत जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग करने और मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी।

इसके बाद कलेक्टर ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर कक्षाओं और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाए रखने और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, जिला शिक्षा अधिकारी एमआर गुप्ता, सहायक आयुक्त समीक्षा जायसवाल सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय