home page

कटघोरा थाना प्रभारी समेत आठ पुलिसकर्मी निलंबित, पीड़ित से फ्लाइट टिकट के पैसे लेने का आरोप

 | 

कोरबा/कटघोरा, 19 अगस्त (हि. स.)। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग ने गंभीर वित्तीय अनियमितता और पद के दुरुपयोग के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक मोती पटेल समेत कुल 8 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामला एक आरोपित की गिरफ्तारी के लिए गुरुग्राम गई पुलिस टीम की यात्रा और यात्रा खर्च से जुड़ा है।

जानकारी के अनुसार, कटघोरा थाने में कृष्णा जेसीबी कंपनी से जुड़े धोखाधड़ी और चोरी के मामले में एफआईआर दर्ज की गई थी। प्रकरण में आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को हरियाणा के गुरुग्राम भेजने के निर्देश दिए गए थे। निर्धारित प्रक्रिया के तहत पुलिस टीम को ट्रेन से गुरुग्राम जाना था, लेकिन आरोप है कि नियमों और तय प्रक्रिया को दरकिनार करते हुए 8 सदस्यीय पुलिस टीम ने हवाई यात्रा की।

मामले में सबसे गंभीर आरोप यह सामने आया कि पुलिसकर्मियों की फ्लाइट टिकट का खर्च पीड़ित यानी मामले के पीड़ित से लिया गया। पुलिस टीम की यात्रा और खर्च को लेकर पीड़ित ने वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की। शिकायत के बाद मामले की जांच कराई गई। जांच में वित्तीय अनियमितता और पद के दुरुपयोग की पुष्टि होने पर बिलासपुर रेंज आईजी रामगोपाल गर्ग ने सभी संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।

कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बुधवार काे मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक मोती पटेल, उप निरीक्षक राम पाण्डेय, प्रधान आरक्षक गुनाराम सिन्हा क्रमांक 381, प्रधान आरक्षक गोपाल यादव क्रमांक 392, प्रधान आरक्षक राजेश कंवर क्रमांक 35, आरक्षक प्रदीप राठौर क्रमांक 747 थाना कटघोरा, आरक्षक सुशील यादव क्रमांक 41 साइबर सेल और आरक्षक प्रशांत सिंह क्रमांक 08 रक्षित केंद्र कोरबा शामिल हैं।

कटघोरा थाना इससे पहले भी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई को लेकर सुर्खियों में रहा है। कुछ समय पहले थाने के सामने करीब चार दिनों तक कबाड़ से लदी एक गाड़ी लावारिस खड़ी रहने और मामले में लापरवाही के आरोप में तत्कालीन थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप की स्थिति है। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी के दौरान वित्तीय अनियमितता, नियमों की अनदेखी और पद के दुरुपयोग को गंभीरता से लिया जाएगा तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार /हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी