home page

विशेषज्ञ डाक्टरों की कमी समेत आठ सूत्रीय मांगों पर कांग्रेस का सीएमएचओ कार्यालय घेराव

 | 
विशेषज्ञ डाक्टरों की कमी समेत आठ सूत्रीय मांगों पर कांग्रेस का सीएमएचओ कार्यालय घेराव


विशेषज्ञ डाक्टरों की कमी समेत आठ सूत्रीय मांगों पर कांग्रेस का सीएमएचओ कार्यालय घेराव


धमतरी, 06 अगस्त (हि.स.)। शहर ब्लाक कांग्रेस कमेटी एक व दो के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग को लेकर कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सीएमएचओ कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने बैरिकेड लगाकर कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता बैरिकेड पर चढ़कर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के बाद सीएमएचओ डा. यू एल कौशिक को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नाम आठ सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में विशेषज्ञ चिकित्सकों की भर्ती, ट्रामा सेंटर निर्माण की जांच, सोनोग्राफी, एक्स रे और सीटी स्कैन जैसी जांच सुविधाओं को 24 घंटे संचालित करने, आवश्यक दवाइयों की नियमित उपलब्धता, जिला अस्पताल पहुंच मार्ग के निर्माण एवं सिविल सर्जन को हटाने सहित विभिन्न मांगें रखीं। मांगें जल्द पूरी नहीं होने पर कांग्रेस ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।

शहर अध्यक्ष द्वय योगेश शर्मा और गौतम वाधवानी ने कहा कि जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों के स्वीकृत पदों के विरुद्ध काफी कम डाक्टर कार्यरत हैं। नाक-कान-गला, मेडिसिन, सर्जरी, त्वचा, मनोरोग और शिशु रोग विशेषज्ञों की कमी के कारण मरीजों को निजी अस्पतालों में इलाज कराना पड़ रहा है, जिससे उन पर आर्थिक और मानसिक बोझ बढ़ रहा है। उन्होंने जल्द से जल्द विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग की।उन्होंने आरोप लगाया कि निरीक्षण के दौरान ट्रामा सेंटर के नए भवन की छत से पानी टपकता मिला, जो निर्माण कार्य में लापरवाही और भ्रष्टाचार का संकेत है। संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग करते हुए सोनोग्राफी, एक्स रे और सीटी स्कैन जैसी जांच सेवाएं पूरे दिन एवं आवश्यकतानुसार 24 घंटे उपलब्ध कराने की मांग भी रखी। साथ ही कांग्रेस नेताओं ने अस्पताल में लंच व्यवस्था में बदलाव, बीपी, शुगर, विटामिन और अन्य आवश्यक दवाइयों की नियमित उपलब्धता, मेडिकल कालेज से पढ़ाई करने वाले चिकित्सकों की अनिवार्य सेवा अवधि बढ़ाने, जिला अस्पताल पहुंच मार्ग का शीघ्र निर्माण एवं सिविल सर्जन को तत्काल हटाने की मांग भी की। इस प्रदर्शन के दौरान विधायक ओंकार साहू, पूर्व विधायक गुरुमुख सिंह होरा, पूर्व विधायक लेखराम साहू, पूर्व जिलाध्यक्ष मोहन लालवानी, शरद लोहाना, विपिन साहू, जिला पंचायत सदस्य कविता योगेश बाबर, आनंद पवार, सलीम रोकड़िया, खिलेंद्र ध्रुव, दीपक सोनकर, विशु देवांगन, सुमन मेश्राम, कृष्णा मरकाम, गीतराम सिन्हा, वातांजलि गोस्वामी, हितेश गंगवीर आशुतोष खरे, अविनाश मरोठे, धर्मेंद्र पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा