home page

आधुनिक कृषि तकनीक के साथ नैनो उर्वरकों के प्रभावी उपयोग से बढ़ेगी खेती की उत्पादकता : दिनेश कश्यप

 | 
आधुनिक कृषि तकनीक के साथ नैनो उर्वरकों के प्रभावी उपयोग से बढ़ेगी खेती की उत्पादकता : दिनेश कश्यप


जगदलपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, जगदलपुर में आज गुरूवार काे इफ्को द्वारा नैनो उर्वरक उपयोग संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों, नैनो उर्वरकों के प्रभावी उपयोग तथा किसानों को उन्नत कृषि तकनीक से जोड़ने के विषय पर सार्थक चर्चा हुई। संगोष्ठी का उद्देश्य किसानों में नैनो उर्वरकों के वैज्ञानिक एवं संतुलित उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आधुनिक कृषि को अपनाने के लिए उन्हें प्रोत्साहित करना रहा।

संगोष्ठी में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप ने इस बात पर जोर देते हुए कहा कि कृषि को अधिक उत्पादक, टिकाऊ और लाभकारी बनाने में नैनो उर्वरकों का प्रभावी उपयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। आधुनिक कृषि तकनीकों और वैज्ञानिक ज्ञान को किसानों तक पहुंचाने से उत्पादन क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ खेती की लागत को बेहतर ढंग से प्रबंधित करने में भी मदद मिल सकती है। उन्होंने कहा कि किसानों को नई तकनीक, वैज्ञानिक जानकारी और उन्नत कृषि पद्धतियों से जोड़ना समय की आवश्यकता है। समृद्ध किसान ही सशक्त ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से किसानों तक कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों और नई तकनीकों की जानकारी पहुंचाना कृषि विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने कहा कि हरित क्रांति ने देश की कृषि व्यवस्था को नई दिशा दी, लेकिन बदलते वैश्विक संकटों के बीच अब हमें खेती में आधुनिक और वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाने की आवश्यकता है। नैनो उर्वरकों का संतुलित एवं सही उपयोग इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए मिट्टी परीक्षण कार्ड बनाना बेहद जरूरी है, ताकि उन्हें अपनी मिट्टी के गुणों और उसमें आवश्यक पोषक तत्वों की सही जानकारी हो सके। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की किसान हितैषी सोच के अनुरूप कृषि के साथ पशुपालन को भी बढ़ावा देना चाहिए। पशुपालन से प्राप्त गोबर का उपयोग जैविक खाद के रूप में कर मिट्टी की उर्वरता बढ़ाई जा सकती है। मिट्टी स्वस्थ होगी, तो खेती समृद्ध होगी और किसान खुशहाल होगा।

इस अवसर पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सीईओ कुंवर सिंह ध्रुव, अतिरिक्त प्रबंधक एस. ए. रज़ा, सहायक संचालक कृषि अजय मीरी, क्षेत्रीय अधिकारी इफ्को एल.बी. सिंह, वैभव पाण्डेय विशिष्ट सहायक इफ्को, एजीटी इफ्को प्रेम प्रकाश साहू सहित बस्तर जिला के समिति प्रबंधक एवं शाखा प्रबंधक उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे