home page

रायपुर कमिश्नरेट के सभी थानों में ई-मालखाना 2.0 शुरू

 | 
रायपुर कमिश्नरेट के सभी थानों में ई-मालखाना 2.0 शुरू


रायपुर, 13 अगस्त (हि.स.)। रायपुर कमिश्नरेट में पुलिसिंग को और स्मार्ट और डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। कमिश्नरेट के सभी 21 थानों में अब ‘ई-मालखाना 2.0’ की सुविधा शुरू हो गई है। आज 10 नए थानों में इसका शुभारंभ किया गया।

इस नई व्यवस्था से थानों के मालखाने में रखी जब्त सामग्री और केस प्रॉपर्टी का रिकॉर्ड डिजिटल तरीके से रखा जाएगा। हर सामान को एक यूनिक बारकोड दिया जाएगा। बारकोड स्कैन करते ही संबंधित केस, जब्ती की जानकारी, जमा होने की तारीख और सामान की वर्तमान स्थिति जैसी जानकारी तुरंत मिल सकेगी। इससे पुलिस को जब्त सामान को ढूंढने, उसकी निगरानी करने और रिकॉर्ड संभालने में आसानी होगी। साथ ही मालखाना प्रबंधन में पारदर्शिता और जवाबदेही भी बढ़ेगी।

पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले के निर्देशन में यह पहल की गई है। रायपुर पश्चिम के पुलिस उपायुक्त रॉबिंसन गुड़िया द्वारा विकसित ई-मालखाना 2.0 को पुलिस कार्यप्रणाली के डिजिटलीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला ने टिकरापारा और न्यू राजेंद्र नगर थाने में ई-मालखाना 2.0 का शुभारंभ किया। वहीं खमतराई थाने में इसका उद्घाटन अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले ने किया।

आज गुरुवार को जिन थानों में ई-मालखाना 2.0 शुरू किया गया, उनमें टिकरापारा, न्यू राजेंद्र नगर, मुजगहन, पुरानी बस्ती, डीडी नगर, आमानाका, आजाद चौक, सरस्वती नगर और खमतराई शामिल हैं। इससे रायपुर कमिश्नरेट के सभी 21 थाने इस डिजिटल व्यवस्था से जुड़ गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर