home page

श्रमिक पंजीयन का 15 दिन में ई-केवाईसी नहीं कराया तो योजनाओं के लाभ में आ सकती है दिक्कत

 | 
श्रमिक पंजीयन का 15 दिन में ई-केवाईसी नहीं कराया तो योजनाओं के लाभ में आ सकती है दिक्कत


धमतरी, 12 सितंबर (हि.स.)। जिले में पंजीकृत श्रमिकों के ई-केवाईसी और पंजीयन संबंधी जानकारी को आधार कार्ड के अनुरूप अद्यतन करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

श्रमायुक्त, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक सुरक्षा मंडल तथा छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में पंजीकृत श्रमिकों का डाटा अपडेट किया जाएगा। इसका उद्देश्य श्रमिकों को श्रम विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराना है।

जिले में दोनों मंडलों के अंतर्गत लगभग एक लाख 15 हजार श्रमिक पंजीकृत हैं। इनमें से करीब 7,900 श्रमिकों का ई-केवाईसी पूर्ण हो चुका है, जबकि लगभग एक लाख 7 हजार 100 श्रमिकों का ई-केवाईसी और आवश्यक पंजीयन संशोधन किया जाना बाकी है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारियों को जनपद पंचायत और नगरीय निकाय स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त करने तथा अधिकृत सीएससी केंद्रों के माध्यम से पंजीयन संशोधन और दस्तावेज अपलोड की कार्रवाई प्राथमिकता से पूरी कराने के निर्देश दिए हैं। श्रमिकों को सीएससी केंद्र पर पंजीयन संशोधन एवं दस्तावेज अपलोड कराने के लिए 20 रुपये प्रति आवेदन की दर से शुल्क स्वयं देना होगा। अभियान के तहत श्रमिकों से अपील की गई है कि वे आधार कार्ड, श्रम कार्ड, बैंक पासबुक और मोबाइल नंबर साथ लेकर निकटतम अधिकृत सीएससी केंद्र पहुंचें और ई-केवाईसी के साथ पंजीयन संबंधी जानकारी में आवश्यक संशोधन कराएं। कलेक्टर ने नोडल अधिकारियों, सचिवों, रोजगार सहायकों और कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराने तथा श्रमिकों से व्यक्तिगत संपर्क कर 15 दिनों के भीतर लक्ष्य के अनुरूप आवेदन पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं।

संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक सप्ताह प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करने भी कहा गया है। ई-केवाईसी और पंजीयन संबंधी जानकारी अपडेट होने से श्रमिकों का डाटा व्यवस्थित होगा और उन्हें शासन की विभिन्न श्रम कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा