एकलव्य खेल मैदान में होगा दशहरा उत्सव, 45 फीट के रावण का होगा दहन
धमतरी, 17 अक्टूबर (हि.स.)। असत्य पर सत्य की विजय के प्रतीक दशहरा यानी विजयादशमी का पर्व 20 अक्टूबर को धूमधाम से मनाया जाएगा। इस अवसर पर नगर निगम की ओर से आयोजित होने वाला मुख्य दशहरा उत्सव इस बार एकलव्य खेल मैदान में होगा।
आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। उत्सव का प्रमुख आकर्षण 45 फीट ऊंचा रावण का पुतला होगा, जिसका दहन किया जाएगा। इसके बाद आकर्षक आतिशबाजी के जरिए विजयादशमी का उत्सव मनाया जाएगा। धमतरी में वर्षों से बिलाईमाता मंदिर के पास स्थित मैदान में रामलीला और रावण दहन का आयोजन होता रहा है, लेकिन इस वर्ष आयोजन स्थल में बदलाव किया गया है।
अब बालक उच्चतर माध्यमिक शाला के पीछे स्थित स्व. विष्णु हिरवानी एकलव्य खेल मैदान में रामलीला और रावण दहन कार्यक्रम आयोजित होगा। नगर निगम उपायुक्त पीसी सार्वा ने बताया कि 20 अक्टूबर को शाम 6 बजे रामलीला का मंचन शुरू होगा। इसमें रामलीला मंडली अछोटा के कलाकार प्रस्तुति देंगे। आयोजन के लिए शहर के एक पेंटर को 45 फीट ऊंचा रावण का पुतला तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पिछले वर्षों में रावण का पुतला 40 फीट ऊंचा बनाया जाता था, लेकिन इस बार इसकी ऊंचाई पांच फीट बढ़ाई गई है।
आयोजन स्थल पर दर्शकों की सुविधा के लिए लगभग 300 कुर्सियों की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा बैठने के लिए दरी भी बिछाई जाएगी। मैदान में पर्याप्त जगह होने के कारण दर्शक आसानी से रामलीला और रावण दहन का आनंद ले सकेंगे। दशहरा उत्सव को व्यवस्थित और गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। रामलीला मंचन के बाद रावण के पुतले का दहन किया जाएगा और इसके साथ ही आकर्षक आतिशबाजी होगी। विजयादशमी के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम शहरवासियों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

