home page

नवरात्र के लिए मूर्तिकार गढ़ रहे मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाएं

 | 
नवरात्र के लिए मूर्तिकार गढ़ रहे मां दुर्गा की भव्य प्रतिमाएं


धमतरी, 27 सितंबर (हि.स.)। शारदीय नवरात्र पर्व के आगमन को लेकर शहर में मां दुर्गा की प्रतिमाओं के निर्माण कार्य ने रफ्तार पकड़ ली है। 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्र प्रारंभ हो रहा है। तैयारी में समिति जुटी हुई हैं।

धमतरी के कुम्हारपारा, दानीटोला, वार्ड और बनियापारा सहित अन्य क्षेत्रों में मूर्तिकार दिन-रात मेहनत कर देवी प्रतिमाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। प्रतिमा निर्माण के काम में अब तेजी आ गई है। नवरात्र शुरू होने से एक दिन पहले पूजा समितियों के सदस्य अपनी-अपनी प्रतिमाएं ले जाकर पंडालों में स्थापित करेंगे। कुम्हारपारा क्षेत्र में बड़ी संख्या में मां दुर्गा की प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं। कहीं मिट्टी से प्रतिमाओं का ढांचा तैयार किया जा रहा है तो कहीं चेहरे की भाव-भंगिमा, मुकुट, आभूषण और अन्य बारीकियों को आकार दिया जा रहा है।

शिल्पकारों की कुशलता और कल्पनाशीलता से प्रतिमाओं में धीरे-धीरे जीवंतता नजर आने लगी है। प्रतिमा निर्माण के बाद रंग-रोगन, वस्त्र, आभूषण और आकर्षक श्रृंगार का काम किया जाएगा। इस बार भी अलग-अलग ऊंचाई और स्वरूप की प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं। शहर में छह से आठ फीट तक ऊंची प्रतिमाओं की मांग है। नवरात्र के दौरान शहर के विभिन्न वार्डों के साथ आसपास के क्षेत्रों में भी जगह-जगह मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। इसके चलते धमतरी के मूर्तिकारों के पास प्रतिमाओं की मांग लगातार बनी हुई है। यहां तैयार होने वाली प्रतिमाएं शहर के विभिन्न वार्डों के अलावा आसपास के दूसरे क्षेत्रों में भी पहुंचती हैं। दूसरे स्थानों से भी लोग धमतरी पहुंचकर प्रतिमाओं की खरीदी करते हैं।

मूर्तिकार शिव कुंभकार और गगन कुंभकार ने बताया कि, एक प्रतिमा को तैयार करने में कई दिनों की मेहनत लगती है। मिट्टी, पैरा, ऑयल पेंट और सजावटी सामग्री समेत अन्य सामान की कीमत बढ़ने से प्रतिमा निर्माण की लागत भी लगातार बढ़ रही है। इसके बावजूद शिल्पकार पूरी श्रद्धा और कलात्मकता के साथ प्रतिमाओं को आकार देने में जुटे हैं। नवरात्र नजदीक आने के साथ पूजा समितियों की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। पंडाल निर्माण, विद्युत सज्जा और अन्य व्यवस्थाओं के बीच अब समितियों को प्रतिमाओं के तैयार होने का इंतजार है। जल्द ही कारीगरों के हाथों से आकार ले रहीं मां दुर्गा की प्रतिमाएं शहर के पूजा पंडालों में विराजित होंगी और नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बनेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा