home page

कोरबा में नशे में धुत शख्स ने चुराई 108 एम्बुलेंस, मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में ही सुरक्षाकर्मियों ने दबोचा

 | 
कोरबा में नशे में धुत शख्स ने चुराई 108 एम्बुलेंस, मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में ही सुरक्षाकर्मियों ने दबोचा


कोरबा में नशे में धुत शख्स ने चुराई 108 एम्बुलेंस, मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में ही सुरक्षाकर्मियों ने दबोचा


कोरबा, 05 मार्च (हि. स.)। शहर में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां शराब के नशे में धुत एक व्यक्ति ने जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर से 108 एम्बुलेंस चुरा ली। हालांकि उसकी यह हरकत ज्यादा देर तक सफल नहीं हो सकी और सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता से उसे अस्पताल परिसर में ही पकड़ लिया गया। घटना आज गुरुवार सुबह की बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार मड़वारानी निवासी बाबूलाल मिंजवार (42) जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचा हुआ था। बताया जा रहा है कि वह शराब के नशे में था और अपने एक दोस्त के साथ शराब पीने के लिए मड़वारानी जाना चाहता था, लेकिन उसके पास वहां जाने के लिए कोई साधन या पैसे नहीं थे।

इसी दौरान उसकी नजर अस्पताल परिसर में खड़ी 108 एम्बुलेंस पर पड़ी। एम्बुलेंस में कर्मचारियों की लापरवाही के कारण चाबी लगी हुई थी। मौके का फायदा उठाते हुए बाबूलाल ने तुरंत एम्बुलेंस स्टार्ट की और उसे लेकर वहां से निकलने की कोशिश करने लगा।

हालांकि बाबूलाल को वाहन चलाने का ज्यादा अनुभव नहीं था। उसने थोड़ी-बहुत जानकारी के भरोसे एम्बुलेंस चलानी शुरू कर दी। इसी बीच अस्पताल परिसर के भीतर ही अचानक एम्बुलेंस बंद हो गई। वाहन को अजीब तरीके से चलते देख वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों को संदेह हुआ। उन्होंने तत्काल वाहन को घेर लिया और बाबूलाल को पकड़ लिया।

घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और आरोपित को हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान बाबूलाल ने बताया कि वह अपने दोस्त के पास शराब पीने जाने के लिए कोई वाहन नहीं मिलने पर एम्बुलेंस लेकर जाने लगा था।

फिलहाल पुलिस ने आरोपित के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी