home page

सूरजपुर : हेडमास्टर का शराब के नशे में वीडियो वायरल, लोगों में नाराजगी

 | 
सूरजपुर : हेडमास्टर का शराब के नशे में वीडियो वायरल, लोगों में नाराजगी


सूरजपुर : हेडमास्टर का शराब के नशे में वीडियो वायरल, लोगों में नाराजगी


सूरजपुर, 09 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के रामानुजनगर विकासखंड अंतर्गत साल्ही गांव के खोरखोरीपारा प्राथमिक शाला में पदस्थ प्रधान पाठक (हेडमास्टर) का कथित रूप से शराब के नशे में धुत्त होकर जमीन पर पड़े रहने और गाली-गलौज करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों में भारी नाराजगी है और शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

वायरल वीडियो में प्रधान पाठक हरिनंदन सिंह कथित रूप से नशे की हालत में जमीन पर पड़े दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वे आसपास मौजूद लोगों और ग्रामीणों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते भी नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह घटना स्कूल परिसर के अंदर की है, जिसने शिक्षा के मंदिर की गरिमा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

घटना के बाद ग्रामीणों ने संबंधित शिक्षक के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि जिस शिक्षक पर बच्चों के भविष्य को संवारने की जिम्मेदारी है, यदि वही इस तरह का आचरण करेगा तो शिक्षा व्यवस्था पर लोगों का भरोसा कमजोर होगा।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला शिक्षा विभाग के अधिकारियों के संज्ञान में पहुंच गया है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक विभाग की ओर से कोई आधिकारिक कार्रवाई सामने नहीं आई थी। कार्रवाई में देरी को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है और दोषी शिक्षक पर शीघ्र अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह