home page

अंबिकापुर : नशे में ड्राइविंग पर सख्ती, स्कॉर्पियो समेत 3 चालकों पर कार्रवाई, 30 हजार का जुर्माना

 | 
अंबिकापुर : नशे में ड्राइविंग पर सख्ती, स्कॉर्पियो समेत 3 चालकों पर कार्रवाई, 30 हजार का जुर्माना


अंबिकापुर , 14 अप्रैल (हि.स.)। सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस द्वारा नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज मंगलवार को यातायात शाखा की टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान तीन अलग-अलग मामलों में ड्रंक एंड ड्राइव करते हुए वाहन चालकों को पकड़ा और उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान एक स्कॉर्पियो वाहन को रोककर चालक से पूछताछ की, जिसने अपना नाम दिलीप कुजूर (30 वर्ष), निवासी कटई (कुन्नी चौकी, लखनपुर थाना) बताया। जांच में चालक शराब के नशे में पाया गया, जिसकी पुष्टि ब्रेथ एनालाइजर से भी हुई। इसके अलावा दो अन्य मोटरसाइकिल चालकों सूरज कुमार देवांगन (22 वर्ष), निवासी रघुनाथपुर (लुंड्रा थाना) और सतीश कुमार (39 वर्ष), निवासी जोड़ापीपल, अंबिकापुर को भी नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया।

तीनों मामलों में वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय ने सभी आरोपितों पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया, इस प्रकार कुल 30 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

यह कार्रवाई डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में की गई। अभियान में यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त, उप निरीक्षक अभय तिवारी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी और जवान सक्रिय रूप से शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह