home page

अम्बिकापुर : नशे में बोलेरो दौड़ा रहे युवक पर कोर्ट ने लगाया 10 हजार का जुर्माना

 | 
अम्बिकापुर : नशे में बोलेरो दौड़ा रहे युवक पर कोर्ट ने लगाया 10 हजार का जुर्माना


अम्बिकापुर, 26 जून (हि.स.)। सरगुजा जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को सबक सिखाने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सख्त कदम उठा रहा है। यातायात पुलिस की टीम ने 'ड्रंक एंड ड्राइव' के खिलाफ एक बड़ी वैधानिक कार्रवाई की है। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक बोलेरो वाहन (क्रमांक सीजी/15/सी वाय/3629) को रोककर जब चालक से पूछताछ की, तो वह अत्यधिक नशे की हालत में मिला।

जांच करने पर चालक की पहचान 23 वर्षीय नितीश आयुष खलखो, निवासी ठाकुरपुर, थाना गांधीनगर के रूप में हुई। मौके पर ही ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट के जरिए चालक के शराब पीने की पुष्टि होने के बाद, यातायात पुलिस ने उसके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत मामला दर्ज कर प्रकरण न्यायालय के समक्ष पेश किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने शुक्रवार काे आरोपित बोलेरो चालक को 10,000 रुपये के अर्थदंड (जुर्माने) से दंडित किया है। इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने में यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त और उनकी टीम के स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह