home page

नशे के कारोबार पर लगे रोक, दोषियों पर हो कठोर कार्रवाई : मंत्री बघेल

 | 
नशे के कारोबार पर लगे रोक, दोषियों पर हो कठोर कार्रवाई : मंत्री बघेल


सूरजपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। सूरजपुर जिले में नशे के कारोबार पर रोक लगाने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं धान खरीद शुरू होने से पहले किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। यह निर्देश आज बुधवार को सूरजपुर के प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने जिला संयुक्त कार्यालय में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में दिए।

बैठक में मंत्री ने जिले में चल रही योजनाओं और विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का सही तरीके से क्रियान्वयन करने और आम लोगों को समय पर योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। वहीं नशे के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

धान खरीद की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने खरीफ वर्ष 2026-27 के किसान पंजीयन, एग्रीस्टैक पंजीयन और बारदाने की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होंने धान खरीद शुरू होने से पहले ही पूरी कार्ययोजना तैयार करने को कहा। किसानों की सुविधा के लिए जरूरत के अनुसार नए धान खरीद केंद्र खोलने पर भी चर्चा की गई।

उचित मूल्य दुकानों और सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए नियमित और औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। अनियमितता मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया। खाद-बीज वितरण और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए किसानों के पंजीयन की भी समीक्षा की गई।

गौशालाओं में चारे और पशुओं की व्यवस्था पर जोर

पशुधन विभाग की समीक्षा के दौरान गौशालाओं और गौधाम में पशुओं के लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। पशुधन के लिए मिलने वाली राशि का सही उपयोग करने के साथ पशुओं के टीकाकरण, बीमारी की रोकथाम और उपचार की व्यवस्था पर भी ध्यान देने को कहा गया। दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उपायों की भी जानकारी ली गई।

मत्स्य पालन के लिए किसानों को प्रोत्साहन

मत्स्य विभाग की समीक्षा में मत्स्य बीज उत्पादन, किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ और मत्स्य उत्पादन बढ़ाने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। अधिक से अधिक किसानों को मत्स्य पालन से जोड़ने के निर्देश दिए गए। आरईएस विभाग द्वारा डबरी निर्माण की प्रगति की भी जानकारी ली गई।

आंगनबाड़ी और स्कूलों की व्यवस्था जांचने के निर्देश

महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, पोषण आहार और रिक्त पदों की जानकारी ली गई। रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए। दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों की आंगनबाड़ियों का नियमित निरीक्षण करने को भी कहा गया।

शिक्षा विभाग की समीक्षा में स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति, विद्यार्थियों की संख्या, पीएम पोषण योजना, साइकिल वितरण, पीएम श्री स्कूल, स्कूल भवन और शाला प्रवेशोत्सव की स्थिति की जानकारी ली गई। सभी स्कूलों का नियमित निरीक्षण कर बच्चों को बेहतर शिक्षा और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। न्योता भोज का भी नियमित आयोजन कराने को कहा गया।

गांवों में पानी की व्यवस्था पर भी फोकस

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से जिले के 543 गांवों में पेयजल योजनाओं की स्थिति की जानकारी ली गई। जल जीवन मिशन और मल्टी विलेज स्कीम के तहत पानी की आपूर्ति की समीक्षा की गई। जिन गांवों में पानी पहुंचना शुरू हो गया है और जहां अभी काम बाकी है, उसकी जानकारी ली गई। शेष काम समय पर पूरा कर ग्रामीणों को नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, स्वच्छता, कचरा संग्रहण और शौचालय निर्माण की भी समीक्षा की गई। वीबी-जी राम जी योजना के क्रियान्वयन की जानकारी भी ली गई।

आदिवासी क्षेत्रों के काम जल्द पूरे करने के निर्देश

आदिवासी विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान, आदि कर्मयोगी कार्यक्रम, छात्रावासों और निर्माण कार्यों की जानकारी ली गई। लंबित निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने और छात्रावासों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

वन विभाग की समीक्षा में वनाधिकार पट्टे, वनोपज, पर्यटन और पौधरोपण की स्थिति की जानकारी ली गई। मानव-हाथी द्वंद्व वाले क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को कहा गया।

सड़क और पुल-पुलियों की मरम्मत पर जोर

लोक निर्माण विभाग की समीक्षा में सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की जानकारी ली गई। नई सड़कों का काम तय समय में पूरा करने के साथ क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों की पहचान कर मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत खराब सड़कों की जल्द मरम्मत करने को भी कहा गया।

बैठक में प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, जिला पंचायत अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, कलेक्टर रेना जमील, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल, डीएफओ विपुल अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय