अंबिकापुर : 178 नशीले इंजेक्शन के साथ तीन आरोपित गिरफ्तार कर भेजे गए जेल
अंबिकापुर, 28 मार्च (हि.स.)। सरगुजा आबकारी उड़नदस्ता टीम ने नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दर्रीपारा की कुख्यात ब्राउन शुगर विक्रेता शोभा कुशवाहा उर्फ ‘गुड़िया’ को भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार कर लिया है। टीम ने उसके पास से कुल 178 इंजेक्शन बरामद किए हैं, जिनमें 106 नग रेक्शाेजेसिक और 72 नग एविल शामिल हैं। आरोपित को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर शनिवार काे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस मामले की जानकारी देते हुए सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि गुड़िया के घर बड़ी मात्रा में नशीले इंजेक्शन बिक्री के लिए लाए गए हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए उड़नदस्ता टीम ने उसके घर दबिश दी। टीम को देखते ही गुड़िया झोला लेकर भागने की कोशिश करने लगी, लेकिन महिला सैनिकों ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान झोले से भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन बरामद हुए।
पूछताछ में गुड़िया ने खुलासा किया कि वह यह इंजेक्शन दर्रीपारा निवासी मनु श्रीवास्तव और सुंदरलाल कुर्रे से खरीदकर लाती थी। इसके आधार पर आबकारी टीम ने दोनों आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों को विशेष न्यायाधीश (नारकोटिक्स) अंबिकापुर की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया गया।
आबकारी विभाग के अनुसार, शोभा कुशवाहा पिछले 15-20 वर्षों से नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में सक्रिय रही है और कई बार जेल भी जा चुकी है। हाल के दिनों में वह ब्राउन शुगर की जगह नशीले इंजेक्शन की तस्करी कर रही थी। विभाग का मानना है कि इस कार्रवाई से अंबिकापुर में नशीले इंजेक्शन के अवैध कारोबार पर काफी हद तक रोक लगेगी।
यह पूरी कार्रवाई जिला आबकारी अधिकारी इन्द्रबली सिंह मार्कण्डेय के मार्गदर्शन में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में की गई। टीम में आबकारी मुख्य आरक्षक रमेश दुबे, कुमारू राम, अशोक सोनी, नगर सैनिक गणेश पाण्डेय, रणविजय सिंह, ओमप्रकाश गुप्ता तथा महिला सैनिक चंद्रावती और नीरज चौहान की अहम भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

