home page

राज्यपाल डेका और मुख्यमंत्री साय की मौजूदगी में रायपुर से ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ

 | 
राज्यपाल डेका और मुख्यमंत्री साय की मौजूदगी में रायपुर से ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ


रायपुर, 2 अगस्त (हि. स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वर्चुअल माध्यम से देशव्यापी ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर रायपुर स्थित लोक भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की उपस्थिति में बड़ी संख्या में युवाओं, छात्र-छात्राओं, शिक्षकों तथा विभिन्न युवा संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली से अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि, नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने और अपनी ऊर्जा, प्रतिभा तथा क्षमता का उपयोग विकसित भारत के निर्माण में करने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही देश के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण संभव है।

लोक भवन में प्रधानमंत्री के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा गया। कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं और छात्र-छात्राओं ने नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लेते हुए नशामुक्ति की शपथ ली। इस दौरान युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई और उन्हें स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना, विधिक सलाहकार श्रीमती सत्य भामा अजय दुबे, रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि ‘नशा मुक्त युवा विकसित भारत संकल्प अभियान’ 2 अगस्त 2026 से शुरू होकर अगले 100 सप्ताह तक देशभर में संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, एनएसएस, एनसीसी, माय भारत युवा संगठन एवं अन्य संस्थाओं के माध्यम से रैली, शपथ ग्रहण, पोस्टर प्रतियोगिता, वाद-विवाद, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, संगीत, लघु फिल्म तथा विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखते हुए विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर