home page

कलेक्ट्रेट परिसर में केवल एक वाटर कूलर से हो रही पेयजल आपूर्ति, लोग परेशान

 | 
कलेक्ट्रेट परिसर में केवल एक वाटर कूलर से हो रही पेयजल आपूर्ति, लोग परेशान


धमतरी, 21 अप्रैल (हि.स.)। कलेक्ट्रेट कार्यालय में समाज कल्याण विभाग के पास लगा वाटर कूलर खराब होकर बंद हो गया है। इसी तरह से जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र के पास लगा वाटर कूलर हटा दिया गया है। इसके चलते लोगों को पेयजल के लिए मशक्कत करनी पड़ रही है।

कलेक्टर जनदर्शन के दौरान मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में अव्यवस्थाओं देखने को मिली। तेज गर्मी में लोगों को पीने के पानी के लिए जूझना पड़ा। विभिन्न शासकीय विभागों के इस केंद्र में पर्याप्त पेयजल व्यवस्था न होने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कलेक्ट्रेट परिसर में वर्तमान में पेयजल व्यवस्था सीमित होने के कारण लोगों को भीषण गर्मी में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। परिसर में स्थापित चार वाटर कूलरों में से अपर कलेक्टर कक्ष के पास स्थित केवल एक ही कूलर चालू है। वहीं समाज कल्याण विभाग के समीप लगा कूलर खराब होकर बंद पड़ा है। वहीं जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र एवं कृषि विभाग के कक्षों के पास स्थापित दो अन्य कूलर अपने स्थान से हटा दिए गए हैं। ऐसी स्थिति में प्रतिदिन बड़ी संख्या में आने वाले लोगों को एकमात्र चालू वाटर कूलर पर निर्भर रहना पड़ रहा है।

कलेक्ट्रेट परिसर में खाद्य, समाज कल्याण विभाग, नजीर शाखा, खनिज, कृषि, आबकारी, श्रम, आदिवासी विकास, निर्वाचन शाखा, सांख्यिकी सहित कई विभागों के कार्यालय संचालित हो रहे हैं। जहां प्रतिदिन सैकड़ों लोग अपने कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में पर्याप्त पेयजल व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही है। नाजिर शाखा के निरीक्षक हेमंत सोनी ने बताया कि नाजिर शाखा के अंतर्गत दो वाटर कूलर स्थापित हैं जिनमें से एक वर्तमान में चालू स्थिति में है। वहीं दूसरा खराब होने के कारण बंद है। खराब कूलर की मरम्मत की प्रक्रिया जारी है। अन्य वाटर कूलरों का संचालन दूसरे विभाग द्वारा किया जाता है इसके संबंध में जानकारी उपलब्ध नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा