home page

कोरबा में नई डामर सड़क पर पानी बहाना पड़ा महंगा, नगर निगम ने पांच लोगों पर लगाया 4400 रुपये का जुर्माना

 | 
कोरबा में नई डामर सड़क पर पानी बहाना पड़ा महंगा, नगर निगम ने पांच लोगों पर लगाया 4400 रुपये का जुर्माना


कोरबा, 22 अक्टूबर (हि. स.)। नगर पालिक निगम कोरबा ने नई डामर सड़क पर पानी बहाकर उसे नुकसान पहुंचाने के मामले में सख्त कार्रवाई की है। आज गुरुवार काे निगम ने वार्ड क्रमांक 26 में सड़क किनारे रहने वाले पांच व्यक्तियों पर कुल 4400 रुपये का अर्थदंड लगाया है। करीब एक करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई सड़क पर पानी जमा होने के कारण किनारे उखड़ने लगे थे। इसे गंभीरता से लेते हुए निगम प्रशासन ने संबंधित लोगों के खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार, नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा वार्ड क्रमांक 26 में श्री मेडिको से दादर नाला हनुमान मंदिर तक लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से सड़क डामरीकरण का कार्य कराया गया है। सड़क निर्माण के बाद आसपास के मकानों में रहने वाले कुछ लोगों द्वारा घरों के सामने पानी बहाया जा रहा था। इससे नई डामर सड़क पर जलभराव की स्थिति बनने लगी और सड़क के किनारे क्षतिग्रस्त होकर उखड़ने लगे।

नवनिर्मित सड़क को हो रहे नुकसान को देखते हुए नगर निगम ने मामले को गंभीरता से लिया। सड़क पर पानी बहाने और जलभराव की स्थिति उत्पन्न करने वाले पांच व्यक्तियों पर कुल 4400 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। निगम की इस कार्रवाई का उद्देश्य नई सड़कों को नुकसान से बचाना और सार्वजनिक संपत्ति के प्रति लोगों को जिम्मेदार बनाना है।

नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि नई डामर सड़कों पर लगातार पानी जमा होने से उनकी गुणवत्ता और मजबूती प्रभावित होती है। विशेष रूप से सड़क के किनारों पर जलभराव होने से डामर उखड़ने की समस्या उत्पन्न होती है। ऐसे में जिन क्षेत्रों में सड़क डामरीकरण का कार्य किया जा रहा है, वहां सड़क किनारे रहने वाले मकान मालिक विशेष सावधानी बरतें।

आयुक्त ने कहा कि नागरिक अपने घरों के सामने सड़क पर पानी न बहाएं और न ही ऐसी स्थिति बनने दें जिससे पानी का जमाव हो। उन्होंने आम नागरिकों से नगर निगम द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों के संरक्षण में सहयोग करने की अपील की है।

नगर निगम की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों को गंभीरता से लिया जा रहा है। निगम प्रशासन ने नागरिकों से नई सड़कों की सुरक्षा और स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने की अपेक्षा की है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी