चीतल के पैर व जंघा को कुत्तों ने नोचा, अस्पताल में हुई मौत
दुगली-जबर्रा क्षेत्र में दो दंतैल हाथियों से लोगों को बना हुआ है जान का खतरा
धमतरी, 10 मई (हि.स.)। गंगरेल व मरादेव के पास भटक रहे एक चीतल को आवारा कुत्तों ने दौड़ाकर नोचा। उनके पैर व जंघा में हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया, इससे चीतल तड़प रहा था। चोंट अधिक होने के कारण चल नहीं पा रहा था। लोगों की नजर पड़ी, तो उन्हें आवारा कुत्तों से छुड़ाकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चीतल की मौत हो गई।
वन विभाग धमतरी से मिली जानकारी के अनुसार गंगरेल व मरादेव के बीच 10 मई की सुबह लगभग साढ़े छह बजे ग्रामीणों से सूचना मिली कि एक चीतल को आवारा कुत्तों ने नोचकर घायल कर दिया है। खबर मिलते ही विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे। कुत्तों के हमला के बाद गंभीर रूप से घायल होकर तड़प रहे चीतल को पशु चिकित्सालय धमतरी लाया गया, जहां उसका इलाज कराया गया, लेकिन पैर व जंघा में अधिक चोटें आने की वजह से उन्हें नहीं बचाया जा सका। करीब 10:30 बजे चीतल की मौत हो गई। डीएफओ श्रीकृष्ण जाधव ने बताया कि अंचल में गर्मी बढ़ने के साथ वन्यप्राणियों का विचरण बढ़ जाता है। वहीं जंगल सूखने के कारण भोजन की भी कमी बना रहता है, ऐसे में भोजन की तलाश में शहर और मैदानी क्षेत्रों के करीब पहुंच रहे हैं। इस दौरान वे आवारा कुत्तों और अन्य खतरों का शिकार हो जाते हैं। विभाग ने लोगों से वन्यप्राणियों को देखकर उन्हें परेशान नहीं करने तथा तत्काल सूचना देने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

