home page

आवारा कुत्ते के हमले से मां-बेटी सहित पांच हुए घायल

 | 
आवारा कुत्ते के हमले से मां-बेटी सहित पांच हुए घायल


कोंडागांव, 23 जुलाई (हि.स.)। कोंडागांव जिले के बड़ेराजपुर विकासखंड के ग्राम छोटे राजपुर में गुरूवार को एक आवारा कुत्ते ने अलग-अलग स्थानों पर हमला कर मां-बेटी सहित पांच लोगों को घायल कर दिया। घायलों में दो महिलाओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सभी घायलों का उपचार जारी है, उन्हें एंटी रेबीज वैक्सीन सहित आवश्यक चिकित्सा उपलब्ध कराई गई है।

मिली जानकारी के अनुसार फूलों बाई अपनी बुजुर्ग मां सनबती नेताम के साथ घर के सामने बैठी थीं। तभी एक आवारा कुत्ता वहां पहुंचा और सनबती नेताम पर हमला कर दिया। मां को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची फूलों बाई पर भी कुत्ते ने हमला कर दिया। हमले में सनबती नेताम की आंख, नाक, होंठ और उंगली पर गंभीर चोटें आई हैं, जबकि फूलों बाई के हाथ की उंगली में गहरा जख्म हुआ है।

दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरसगांव ले जाया गया, जहां से शुरुआती इलाज के बाद जिला अस्पताल कोंडागांव रेफर किया गया।ग्रामीणों के अनुसार इसी कुत्ते ने बुधवार को गांव के अन्य तीन लोगों पर भी हमला किया, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। लगातार हो रहे हमलों से गांव में भय का माहौल है और लोग घरों से निकलने से डर रहे हैं। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन और पंचायत से आवारा कुत्ते को तत्काल पकड़ने तथा गांव की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे