home page

बलरामपुर : शाला प्रवेश उत्सव में बच्चों का हुआ स्वागत, बलरामपुर और रामानुजगंज को मिले इंडोर स्टेडियम

 | 
बलरामपुर : शाला प्रवेश उत्सव में बच्चों का हुआ स्वागत, बलरामपुर और रामानुजगंज को मिले इंडोर स्टेडियम


मंत्री रामविचार नेताम ने छात्राओं को साइकिल वितरित की, मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान; शिक्षा और विकास को लेकर कई अहम घोषणाएं

बलरामपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। रामानुजगंज में आयोजित जिलास्तरीय शाला प्रवेश उत्सव में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया गया और मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कृषि एवं आदिम जाति विकास मंत्री रामविचार नेताम ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए क्षेत्र के लिए इंडोर स्टेडियम और 500 सीटर ऑडिटोरियम सहित कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

जिलास्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन शुक्रवार को रामानुजगंज के काका लरंगसाय कम्युनिटी हॉल में किया गया। कार्यक्रम में आदिम जाति विकास, कृषि एवं कृषक कल्याण, मछली पालन तथा पशुपालन मंत्री रामविचार नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर और मिठाई खिलाकर स्वागत किया गया। उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, स्कूल बैग और गणवेश भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम में सरस्वती साइकिल योजना के तहत कक्षा 9वीं में प्रवेश लेने वाली छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं। वहीं, 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

समारोह की शुरुआत स्कूली छात्राओं के स्वागत गीत से हुई। इसके बाद बालिकाओं ने शिक्षा के महत्व और बालिका सशक्तिकरण पर आधारित सांस्कृतिक एवं नाट्य प्रस्तुतियां दीं। एकलव्य आवासीय विद्यालय की छात्राओं ने छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।

अपने संबोधन में मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना समाज और शासन की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षित समाज ही विकसित राष्ट्र की मजबूत नींव रखता है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के हाई स्कूलों में स्मार्ट क्लास की सुविधा विकसित की जा रही है, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से बेहतर शिक्षा मिल सके। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार के ढाई वर्ष के कार्यकाल में क्षेत्र में सड़क, शिक्षा और खेल अधोसंरचना के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि बलरामपुर और रामानुजगंज में खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इंडोर स्टेडियम की स्वीकृति मिल गई है। इसके साथ ही रामानुजगंज में 500 सीट क्षमता वाले ऑडिटोरियम के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल के नए भवन की स्वीकृति दिलाने के लिए भी प्रयास करने का भरोसा दिया।

मंत्री रामविचार नेताम ने विकास कार्यों में बाधा न आए, इसके लिए शासकीय भूमि से अतिक्रमण स्वेच्छा से हटाने की अपील की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भी अतिक्रमित भूमि को मुक्त कराने के निर्देश दिए।

नगर पालिका अध्यक्ष रमन जायसवाल ने कहा कि मंत्री रामविचार नेताम के प्रयासों से बलरामपुर और रामानुजगंज को इंडोर स्टेडियम की सौगात मिली है, जिससे क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं मिल सकेंगी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष हिरामुनि निकुंज, नगर पालिका उपाध्यक्ष शीला जायसवाल, जनपद पंचायत अध्यक्ष मुंद्रिका सिंह, उपाध्यक्ष सुनील तिवारी, जिला पंचायत सदस्य मुंशी राम सांडिल्य एवं बद्री यादव, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, एसडीएम आनंद राम नेताम, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुधीर कुमार, जनपद पंचायत सीईओ रणवीर साय सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में अभिभावक एवं नागरिक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय