जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम पंचायतों में किया मनरेगा, आवास एवं जल संचय कार्यों का निरीक्षण
रोजगार दिवस में ग्रामीणों को विकसित भारत जी-राम जी योजना व सोक पिट जल संरक्षण की दी जानकारी
जांजगीर-चांपा 07 मार्च (हि. स.)। जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे ने आज शनिवार को जनपद पंचायत अकलतरा अंतर्गत ग्राम पंचायत बिरकोनी और कापन का दौरा कर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को कार्यों को समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वीकृत आवासों के निर्माण की स्थिति की जानकारी ली तथा हितग्राहियों से चर्चा कर उन्हें जल्द से जल्द आवास निर्माण पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अकलतरा की ग्राम पंचायतों में आयोजित रोजगार दिवस कार्यक्रम में भी सीईओ शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को महात्मा गांधी नरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) तथा विकसित भारत जी-राम जी योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। रोजगार दिवस के अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों को क्यूआर कोड स्कैन प्रणाली के माध्यम से शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
सीईओ ने ग्रामीणों को बताया कि मोबाइल से क्यूआर कोड स्कैन कर योजनाओं से संबंधित दिशा-निर्देश, प्रावधान और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सकती है।
उन्होंने मनरेगा के माध्यम से आजीविका डबरी, तालाब गहरीकरण जैसे कार्यों को बढ़ावा देकर अधिक से अधिक जॉब कार्डधारी परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही जल संचय जनभागीदारी अभियान के तहत ग्रामीणों को सोक पिट, वाटर रिचार्ज और रेनवॉटर हार्वेस्टिंग जैसे सरल उपाय अपनाकर वर्षा जल का संरक्षण करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि घरों और सार्वजनिक स्थलों पर सोक पिट निर्माण से वर्षा जल जमीन में समाहित होकर भू-जल स्तर को बढ़ाने में मदद करता है, जिससे भविष्य में जल संकट से बचाव संभव है। कार्यक्रम में पंचायत पदाधिकारियों, अधिकारियों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी रही। इस दौरान ग्रामीणों को योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए जागरूक किया गया तथा शासन की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

