home page

एचआईवी-एड्स नियंत्रण व सोशल प्रोटेक्शन पर हुई जिला स्तरीय कार्यशाला

 | 
एचआईवी-एड्स नियंत्रण व सोशल प्रोटेक्शन पर हुई जिला स्तरीय कार्यशाला


जगदलपुर, 26 नवंबर (हि.स.)। जिला स्वास्थ्य समिति (एड्स नियंत्रण कार्यक्रम), जिला बस्तर द्वारा कलेक्टोरेट के प्रेरणा कक्ष में गुरूवार को जिला स्तरीय 'सोशल प्रोटेक्शन सिंगल विंडो' कार्यशाला का आयोजन कलेक्टर आकाश छिकारा की अध्यक्षता में किया गया।

यह कार्यशाला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक, जिला टीकाकरण अधिकारी एवं नेशनल एड्स कंट्रोल प्रोग्राम की नोडल अधिकारी डॉ. सी. मैत्री तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. रीना लक्ष्मी के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इस अवसर पर आईसीटीसी महारानी अस्पताल के काउंसलर मुकुंद दीवान भी उपस्थित रहे। कार्यशाला में एचआईवी-एड्स एवं अन्य यौन संचारित रोगों के प्रति व्यापक जन-जागरूकता फैलाने, समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने और सुरक्षित यौन साधनों के प्रभावी प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यशाला के दौरान अवगत कराया गया कि निरोध यानी कंडोम न केवल अनचाहे गर्भ को रोकता है, बल्कि एचआईवी, सिफलिस और गोनोरिया जैसे गंभीर संक्रमणों से बचाव का सबसे सरल, सुलभ और प्रभावी बैरियर साधन है। सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों, आईसीटीसी एवं लक्षित हस्तक्षेप प्रोजेक्ट्स के माध्यम से कंडोम की नि:शुल्क उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा लोगों में इसके नियमित उपयोग की आदत विकसित करने पर बल दिया गया। इसके साथ ही ट्रक ड्राइवर्स और सेक्स वर्कर्स के साथ-साथ वर्तमान दौर में सोशल डेटिंग व नेटवर्किंग ऐप्स के माध्यम से संपर्क में आने वाले युवाओं में बढ़ते संक्रमण के जोखिम पर भी चर्चा हुई और ऐसे समूहों तक कंडोम वितरण, परामर्श व नियमित स्क्रीनिंग पहुंचाने के निर्देश दिए गए।

कार्यशाला में एचआईवी संक्रमण से बचाव के आधुनिक चिकित्सीय उपायों पर भी प्रकाश डाला गया। इसके अंतर्गत संक्रमण के अत्यधिक जोखिम वाले व्यक्तियों द्वारा पहले से ली जाने वाली दवा प्री-एक्सपोजर प्रोफिलैक्सिस और किसी असुरक्षित संबंध या संभावित एक्सपोजर के 72 घंटों के भीतर शुरू की जाने वाली आपातकालीन दवा पोस्ट-एक्सपोजर प्रोफिलैक्सिस के महत्व को रेखांकित किया गया। साथ ही बताया गया कि जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, महारानी जिला चिकित्सालय और डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में स्थापित आईसीटीसी केंद्रों में जांच और परामर्श की प्रक्रिया पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है, तथा रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर मरीज को तुरंत एंटीरेट्रोवायरल थेरेपी से जोड़ा जाता है ताकि वह स्वस्थ और सामान्य जीवन जी सके।

संक्रमण पाए जाने पर मरीज के सभी संपर्कों (पार्टनर्स) की समय पर जांच सुनिश्चित करने के लिए पंजीयन के समय पहचान संबंधी दस्तावेज, पूर्ण पता व संपर्क नंबर दर्ज करना अनिवार्य किया गया है, जिससे सभी को सुरक्षित जीवन दिया जा सके। इसके अतिरिक्त सिफलिस, गोनोरिया या किसी भी प्रकार के छाले, असामान्य स्राव या खुजली जैसे लक्षणों को नजर अंदाज न करने और तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच व उपचार कराने की सलाह दी गई।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे