home page

जांजगीर-चांपा में जिला स्तरीय वन महोत्सव का आगाज, इस मानसून 10.30 लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे

 | 
जांजगीर-चांपा में जिला स्तरीय वन महोत्सव का आगाज, इस मानसून 10.30 लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे


जांजगीर-चांपा, 22 जुलाई (हि. स.)। जांजगीर-चांपा जिले में इस मानसून 10 लाख 30 हजार 102 पौधों के वृहद पौधरोपण अभियान की शुरुआत हो गई है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा बुधवार को अकलतरा विकासखंड के परसाही नाला में जिला स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान 400 से अधिक मिश्रित प्रजातियों के पौधों का रोपण कर जिले के महाअभियान का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य बबीता रात्रे, महादेव नेताम, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय, वनमंडलाधिकारी हिमांशु डोंगरे, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, एसडीएम अकलतरा सुमीत बघेल, एसडीओ होरेश चंद्र शर्मा, रेंज ऑफिसर आकाश गोस्वामी, दीक्षा पाण्डेय, आनंद मिरी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिले में पौधरोपण अभियान विभिन्न विभागों और योजनाओं के माध्यम से जनभागीदारी के साथ संचालित किया जाएगा। विभागीय पथ पौधरोपण योजना के तहत 2 किलोमीटर मार्ग पर 8 हजार पौधे लगाए जाएंगे। वहीं ग्रीन क्रेडिट कार्यक्रम के अंतर्गत 25 हेक्टेयर क्षेत्र में 1 लाख 38 हजार 500 पौधों का रोपण किया जाएगा।

इसी तरह कैम्पा (क्षतिपूर्ति वृक्षारोपण) योजना के तहत 242.602 हेक्टेयर क्षेत्र में 2 लाख 42 हजार 602 पौधे लगाए जाएंगे। किसान वृक्ष मित्र योजना के माध्यम से 70 हजार पौधे, हरियाली प्रसार योजना के तहत 75 हजार पौधे तथा वन महोत्सव के अवसर पर एक हजार पौधों का रोपण किया जाएगा। विकसित भारत-जी राम जी अभियान के अंतर्गत नि:शुल्क वितरण और जनसहभागिता से 4 लाख 95 हजार पौधों के रोपण का लक्ष्य रखा गया है। इन सभी योजनाओं को मिलाकर जिले में कुल 267.602 हेक्टेयर क्षेत्र और 2 किलोमीटर मार्ग पर 10,30,102 पौधों का रोपण किया जाएगा।

अभियान के तहत शासकीय कार्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों, ग्राम पंचायतों, सार्वजनिक स्थलों और उपलब्ध शासकीय भूमि पर बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन को भी सुनिश्चित करना है।

इस अवसर पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सभी विभागों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप समयबद्ध तैयारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण अभियान तभी सफल माना जाएगा, जब लगाए गए प्रत्येक पौधे की नियमित देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। पौधों के जीवित रहने और विकसित होने तक उनकी सतत निगरानी जरूरी है।

वनमंडलाधिकारी हिमांशु डोंगरे ने कहा कि, वृक्ष मानव जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। पेड़ हमें प्राणवायु, स्वच्छ पर्यावरण, जल संरक्षण और जैव विविधता के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लेने की अपील की।

जिले में शुरू हुआ यह वृहद वृक्षारोपण अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जनभागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। प्रशासन को उम्मीद है कि इस अभियान से जिले का हरित क्षेत्र बढ़ेगा और आने वाले वर्षों में पर्यावरण संरक्षण को नई मजबूती मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT