home page

जनजातीय गौरव दिवस पर दुगली में दिखी आदिवासी संस्कृति की भव्य झलक

 | 
जनजातीय गौरव दिवस पर दुगली में दिखी आदिवासी संस्कृति की भव्य झलक


जनजातीय गौरव दिवस पर दुगली में दिखी आदिवासी संस्कृति की भव्य झलक


जनजातीय गौरव दिवस पर दुगली में दिखी आदिवासी संस्कृति की भव्य झलक


धमतरी, 17 नवंबर (हि.स.)। जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत और देश की आजादी में उनके अतुलनीय योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से विकासखंड नगरी के ग्राम दुगली में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में राजस्व मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा मुख्य अतिथि तथा लोकसभा सांसद भोजराज नाग अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा, प्रकाश बैस सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। समारोह में जनजातीय समाज की पारंपरिक कला, संस्कृति, लोकनृत्य, वेशभूषा और जीवनशैली की आकर्षक झलक देखने को मिली। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जनजातीय परंपराओं और लोकजीवन को जीवंत कर दिया।

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए गए, जिनका अतिथियों ने अवलोकन किया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा ने प्रधानमंत्री जनमन अभियान के तहत शासकीय हाईस्कूल बाजारकुर्रीडीह में विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) के विद्यार्थियों के लिए 50 सीटर बालक छात्रावास भवन के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि छात्रावास बनने से दूरस्थ अंचलों के जनजातीय विद्यार्थियों को सुरक्षित आवासीय सुविधा मिलेगी और उन्हें शिक्षा जारी रखने के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध होगा। उन्हाेंने महान जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को नमन किया।

भगवान बिरसा मुंडा ने सामाजिक जागरूकता, कुरीतियों के विरोध और जल, जंगल, जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उनका जीवन साहस, स्वाभिमान और सामाजिक चेतना का प्रतीक है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन होना पूरे जनजातीय समाज के लिए गौरव की बात है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों के माध्यम से जनजातीय बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अवसर मिल रहे हैं। प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान बेचने की अनिवार्यता नहीं होने से कम उत्पादन वाले क्षेत्रों के किसानों को भी निर्धारित आदान सहायता का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान का स्मरण करते हुए कहा कि पृथक जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन और छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण उनके महत्वपूर्ण योगदानों में शामिल है। सांसद भोजराज नाग ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास संघर्ष, स्वाभिमान, साहस और प्रकृति के प्रति गहरे जुड़ाव का इतिहास है। स्वतंत्रता संग्राम और सामाजिक चेतना के निर्माण में जनजातीय महापुरुषों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने तथा बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस अपने पुरखों के संघर्ष, बलिदान, संस्कृति और परंपराओं को याद करने का अवसर है।

उन्होंने जनजातीय अंचलों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और आजीविका से जुड़ी सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले में संचालित विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 36 सड़कों का निर्माण किया जा रहा है, जिससे दूरस्थ गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी और ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार सहित अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागों के बीच समन्वय स्थापित किया जा रहा है। समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को आवास की चाबियां सौंपी गईं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा