कोरबा में ईएलसी नोडल अधिकारियों का जिलास्तरीय प्रशिक्षण सम्पन्न, युवा मतदाताओं को मतदान से जोड़ने पर जोर
कोरबा, 08 अगस्त (हि. स.)। भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार जिले में मतदाता जागरूकता बढ़ाने और युवा मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया से जोड़ने के उद्देश्य से इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब (ईएलसी) के नोडल अधिकारियों का जिलास्तरीय प्रशिक्षण शनिवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन ने नोडल अधिकारियों को भावी और युवा मतदाताओं को मतदान के महत्व से अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए संस्थानों में मतदाता जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों की कार्ययोजना तैयार कर युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी माधुरी सोम ठाकुर ने शैक्षणिक संस्थानों के साथ-साथ मतदान केंद्रों पर भी नियमित रूप से मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ईएलसी के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं तक निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया।
प्रशिक्षण कार्यशाला में सहायक जिला स्वीप नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने इलेक्टोरल लिट्रेसी क्लब के गठन और संचालन से संबंधित भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की विस्तार से जानकारी दी। जिले के शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूलों, उच्च शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों, औद्योगिक इकाइयों और मतदान केंद्रों में ईएलसी के माध्यम से मतदाता जागरूकता गतिविधियां संचालित करने की जानकारी दी गई।
इस दौरान ईसीनेट मोबाइल एप की उपयोगिता के बारे में भी बताया गया। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए 1 जनवरी, 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर की अर्हता तिथियों के संबंध में नोडल अधिकारियों को जानकारी दी गई। साथ ही मतदाता जागरूकता के लिए माइक्रो लेवल पर कार्ययोजना तैयार कर विभिन्न गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए गए।
प्रशिक्षण में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटाने, संशोधन और स्थानांतरण की ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्रक्रिया, विभिन्न निर्वाचन प्रपत्रों, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर), मतदाता सूची से संबंधित जानकारी और भारत निर्वाचन आयोग की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। इसके अलावा ईवीएम-वीवीपैट के माध्यम से मतदान प्रक्रिया, भारतीय संविधान, लोकतांत्रिक मूल्य, चुनावी प्रक्रिया, नैतिक मतदान, मतदाता साक्षरता और मतदाता जागरूकता अभियान सहित निर्वाचन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण में जिला शिक्षा अधिकारी टीपी उपाध्याय, ईवीपीजी कॉलेज के स्वीप नोडल अधिकारी बलराम कुर्रे, मास्टर ट्रेनर एवं सहायक प्राध्यापक जेसी देवांगन, व्याख्याता उपासना पाठक, इलेक्शन सुपरवाइजर दीनदयाल भारद्वाज, सहायक प्रोग्रामर शीतल अग्रवाल, लेखापाल राम निवास साहू, तकनीकी सहायक भूपेंद्र पोर्ते सहित विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के ईएलसी नोडल अधिकारी एवं प्रभारी, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

