शहीद आकाश राव गिरेपुंजे की स्मृति में हुई जिलास्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता
सुकमा, 31 अक्टूबर (हि.स.)। अखंड भारत के शिल्पी एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के पावन अवसर पर आज शनिवार काे जिला पुलिस सुकमा द्वारा शहीद आकाश राव गिरेपुंजे स्मृति जिलास्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन शबरी ऑडिटोरियम, सुकमा में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद आकाश राव गिरेपुंजे को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने शहीद के अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। उल्लेखनीय है कि शहीद आकाश राव गिरेपुंजे कोंटा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थ थे। नक्सलियों द्वारा किए गए आईईडी विस्फोट में देश एवं समाज की सुरक्षा करते हुए उन्होंने अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया था। उनकी शहादत सुकमा पुलिस एवं जिलेवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगी।
शहीद आकाश राव गिरेपुंजे स्मृति जिला स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिताका विषय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और सोशल मीडिया का युग : मानव प्रगति के लिए वरदान या अस्तित्व के लिए खतरा” रखा गया था। इस विषय पर जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से आए विद्यार्थियों ने पक्ष एवं विपक्ष में अपने विचार, तर्क एवं दृष्टिकोण प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।
प्रतिभागियों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव, आधुनिक तकनीक से होने वाले लाभ, शिक्षा, सूचना, संचार एवं विकास के नए अवसरों के साथ-साथ इसके दुरुपयोग, साइबर अपराध, भ्रामक सूचनाओं, निजता के उल्लंघन तथा मानवीय मूल्यों पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार रखे।
वाद विवाद प्रतियोगिता तीन चरणों में आयोजित हुई , 14 अक्टूबर को हाई एवं हायर सेकण्डरी स्तर पर आयोजित हुई , जहां चयनित छात्र 24 अक्टूबर को ब्लॉक स्तर पर सहभागी हुए। ब्लॉकस्तर पर चयनित छात्रों के बीच आज शनिवार काे जिलास्तर पर मुकाबला हुआ । यह प्रतियोगिता दो वर्ग हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी वर्ग में आयोजित की गई। प्रत्येक वर्ग में पक्ष एवं विपक्ष श्रेणी में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभागियों का विवरण निम्नानुसार है -
हाई स्कूल स्तर पर पक्ष श्रेणी में प्रथम स्थान – अनुष्का कन्नौजिया (सुकमा), द्वितीय स्थान – हिमांशी नागवंशी (छिंदगढ़), तृतीय स्थान – निकिता टावरी (सेजेस दोरनापाल, कोंटा) विपक्ष श्रेणी- प्रथम स्थान – तृषा सरकार (सेजेस तोंगपाल), द्वितीय स्थान – दीक्षा मंडल (सेजेस दोरनापाल), तृतीय स्थान – लावण्या नाग (आई.एम.एस.टी., सुकमा)
हायर सेकेंडरी स्तर पर पक्ष श्रेणी में प्रथम स्थान – तृषा सरकार (सेजेस दोरनापाल, कोंटा), द्वितीय स्थान – कारम नंदनी (एकलव्य विद्यालय, छिंदगढ़), तृतीय स्थान – ईशा सिन्हा (डी.ए.वी., सुकमा), विपक्ष श्रेणी में प्रथम स्थान – निधि सिंह (सेजेस पवारास, सुकमा/कोंटा), द्वितीय स्थान – दिया मंडल (सेजेस दोरनापाल ), तृतीय स्थान – प्रतिज्ञा मांझी (एकलव्य विद्यालय, छिंदगढ़) प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सभी 12 विजेता छात्राओं को पुरस्कृत एवं सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। विद्यार्थियों ने अपने विचारों, तर्कों एवं प्रभावशाली अभिव्यक्ति के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर अमित कुमार, सीआरपीएफ डीआईजी आनंद सिंह राजपुरोहित, पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर, वनमंडलाधिकारी अक्षय भोसले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज तिर्की, मनीष कुवंर, जिला शिक्षा अधिकारी जीआर. मंडावी सहित रक्षित निरीक्षक रवि उपाध्याय, थाना प्रभारी सुकमा रोशन राजपूत, थाना प्रभारी केरलापाल सेराज खान, अन्य अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि धनीराम बारसे, सन्नू कोरसा, विश्वराज चौहान एवं पत्रकार व अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे हैं।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

