home page

जनगणना 2027 : 10 से 24 जनवरी तक स्व गणना व 25 जनवरी से 28 फरवरी तक घर -घर पहुंचेगे प्रगणक

 | 
जनगणना 2027 : 10 से 24 जनवरी तक स्व गणना व 25 जनवरी से 28 फरवरी तक घर -घर पहुंचेगे प्रगणक


- जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के लिए एसडीएम एवं चार्ज अधिकारियो को दिया गया प्रशिक्षण

बलौदाबाजार, 23 अक्टूबर (हि. स.)। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों के तहत शुक्रवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला एवं चार्ज अधिकारियों का दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण सम्पन हुआ।

कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी कुलदीप शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित प्रशिक्षण में जनगणना की प्रक्रिया, कार्यप्रणाली, तकनीकी पहलुओं और अधिकारियों के दायित्वों की जानकारी दी गई।

कलेक्टर श्री शर्मा ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना का कार्य तय समय-सीमा में पूरी जिम्मेदारी और त्रुटिरहित कार्य संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशिक्षण में शामिल अधिकारियों से राज्य स्तरीय प्रशिक्षकों द्वारा दी जा रही जानकारी को गंभीरता से समझने तथा किसी भी प्रकार की शंका होने पर प्रश्न पूछकर उसका समाधान करने को कहा, ताकि मैदानी स्तर पर कार्य के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने कहा कि जिले में जनगणना का कार्य व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों एवंकर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ करें तथा निर्धारित दिशा-निदेशों का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि द्वितीय चरण के जनगणना के दौरान गणना पत्रक मे प्रथम चरण की तुलना मे अधिक जानकारी संकलित करना है इसलिये समय भी अधिक लगेगा। उन्होंने समय सीमा मे कार्य सम्पन्न कराने के लिये अधिक संख्या मे प्रगणको की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिये।उन्होंने नागरिकों से भी जनगणना कार्य में सहयोग करने और नियुक्त प्रगणकों एवं अधिकृत कर्मचारियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 10 से 24 जनवरी 2027 तक नागरिकों को वेब पोर्टल आ एवं एप्प के माध्यम से स्व-गणना करने का अवसर मिलेगा। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे। इस दौरान निर्धारित प्रारूप के अनुसार परिवारों से आवश्यक जानकारी एकत्र की जाएगी। प्रशिक्षण में स्व-गणना की तकनीकी प्रक्रिया, डिजिटल माध्यम से आंकड़ों की प्रविष्टि और जनगणना से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।

इस अवसर पर जिले के सभी अनुविभागीय चार्ज अधिकारी, डीपीएस,ओ ग्रामीण एवं नगरीय चार्ज अधिकारी तथा जनगणना कार्य से जुड़े कर्मचारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर