जिला अस्पताल की अव्यवस्थाओं में लाएं सुधार: जिपं सीईओ
धमतरी, 27 मई (हि.स.)। जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गजेंद्र सिंह ठाकुर ने बुधवार को जिला अस्पताल में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली। इस बैठक में अस्पताल की मौजूदा व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए डाक्टरों की उपस्थिति, रोस्टर पालन, मरीजों के अस्पताल छोड़ने के मामलों, अनावश्यक रेफरल, आयुष्मान योजना की दिक्कतों और इमरजेंसी सेवाओं की खामियों पर नाराजगी जताई एवं तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
बैठक में जिला अस्पताल की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने एवं मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। सीईओ ठाकुर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि डाक्टरों की ड्यूटी उपस्थिति निर्धारित रोस्टर के अनुसार शत-प्रतिशत सुनिश्चित की जाए ताकि मरीजों को किसी भी स्थिति में इलाज के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। इसके साथ ही आयुष्मान भारत योजना के क्रियान्वयन में आ रही तकनीकी एवं प्रशासनिक समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र समाधान के निर्देश दिए ताकि पात्र मरीजों को योजना का लाभ बिना किसी बाधा के मिल सके।
बैठक में आपातकाल चिकित्सा व्यवस्था को 24 घंटे सक्रिय और प्रभावी बनाए रखने पर भी विशेष चर्चा की गई। इसके साथ ही 108 एंबुलेंस कर्मचारियों की रिफ्रेशर ट्रेनिंग, ट्रामा यूनिट में बेड व्यवस्था और न्यूरो व जनरल सर्जन को आन-काल रखने के निर्देश दिए हैं। जिला पंचायत सीईओ गजेंद्र सिंह ठाकुर ने आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने के लिए अलग से आपातकालीन संपर्क नंबर जारी करने के निर्देश दिए। जिससे किसी भी आपात स्थिति में मरीजों और स्वजन को त्वरित सहायता उपलब्ध हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि रेफरल प्रणाली को व्यवस्थित किया जाए और अनावश्यक रेफरल मामलों को कम किया जाए, ताकि जिला अस्पताल में ही अधिक से अधिक मरीजों का उपचार संभव हो सके। साथ ही डाक्टर की सलाह के खिलाफ अस्पताल छोड़कर जाने वाले मामलों को कम करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में यह भी तय किया गया कि मरीजों की सुविधा और सेवा गुणवत्ता में सुधार के लिए सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे। अस्पताल की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सुधार कार्यों की नियमित मानिटरिंग की जाएगी। इस बैठक में सीएमएचओ डाॅ. यूएल कौशिक, सिविल सर्जन डाॅ. अरुण कुमार टोंडर, डीपीएम डाॅ. प्रिया कंवर, आरएमओ डा तेजस शाह, नेत्र रोग विशेषज्ञ डा राजेश सूर्यवंशी, ब्लड बैंक प्रभारी डा आदित्य सिन्हा, शिशु रोग विशेषज्ञ डाॅ. रविकिरण शिंदे, डाॅ. मेहताब, सलाहकार गिरीश कश्यप सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

