home page

बोर्ड की द्वितीय मुख्य परीक्षा की गोपनीय सामग्री का वितरण, थानों में रखी गई सुरक्षित

 | 
बोर्ड की द्वितीय मुख्य परीक्षा की गोपनीय सामग्री का वितरण, थानों में रखी गई सुरक्षित


बोर्ड की द्वितीय मुख्य परीक्षा की गोपनीय सामग्री का वितरण, थानों में रखी गई सुरक्षित


धमतरी, 06 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10 वीं और 12 वीं बोर्ड की द्वितीय मुख्य परीक्षा को लेकर धमतरी जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को कड़े सुरक्षा प्रोटोकाल के तहत सभी 10 परीक्षा केंद्रों के लिए गोपनीय परीक्षा सामग्री का वितरण किया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम का वन टाइम लाक खोलकर प्रश्न पत्र सहित अन्य गोपनीय सामग्री केंद्राध्यक्षों को सौंपी गई। इसके बाद सामग्री को पुलिस सुरक्षा के बीच संबंधित परीक्षा केंद्रों के निकट स्थित थानों तक पहुंचाया गया, जहां परीक्षा दिवस तक कड़ी निगरानी में सुरक्षित रखा जाएगा।

जिले में कक्षा 10 वीं एवं 12 वीं बोर्ड की द्वितीय मुख्य परीक्षा के लिए गोपनीय परीक्षा सामग्री का वितरण शिव सिंह वर्मा आदर्श शासकीय उ मा वि धमतरी स्थित मुख्य परीक्षा केंद्र से किया गया। निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था के तहत बोर्ड के पार्टी आफिसर पोर्णिमा येसनकर, नोडल अधिकारी डिप्टी कलेक्टर बी एक्का, जिला शिक्षा विभाग के सहायक संचालक आर एन मिश्रा एवं समन्वयक केंद्र प्रभारी बी मैथ्यू की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम का वन टाइम लाक खोलकर गोपनीय सामग्री केंद्राध्यक्षों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की गई। गोपनीय सामग्री वितरण के बाद प्रश्न पत्रों एवं अन्य परीक्षा सामग्री को कड़ी सुरक्षा के बीच संबंधित परीक्षा केंद्रों के निकट स्थित पुलिस थानों के लिए रवाना किया गया।

बोर्ड की समय सारिणी के अनुसार परीक्षा वाले दिन तहसीलदार की उपस्थिति में संबंधित थाना में रखी पेटियों का वन टाइम लाक खोला जाएगा। प्रश्न पत्र निकालने के बाद पेटियों को नए वन टाइम लाक से दोबारा सील किया जाएगा, ताकि परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा पूरी तरह बनी रहे। जिले में 12 वीं बोर्ड की द्वितीय मुख्य परीक्षा आठ जुलाई को हिंदी विषय के साथ शुरू होगी। वहीं 10 वीं बोर्ड की परीक्षा नौ जुलाई को गणित विषय से प्रारंभ होगी। परीक्षा प्रतिदिन सुबह नौ बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। इस बार जिले में 10 वीं के 2014 तथा 12 वीं के 1408 सहित कुल 3422 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इनमें पूरक एवं अनुत्तीर्ण विद्यार्थी शामिल हैं।

परीक्षा के लिए धमतरी ब्लाक में तीन केंद्र शोभाराम देवांगन स्कूल, नत्थूजी जगताप स्कूल एवं सेजेस हटकेशर, कुरुद ब्लाक में तीन केंद्र शासकीय कन्या उ मा वि कुरुद, सेजेस कुरुद एवं सेजेस भखारा, मगरलोड ब्लाक में दो केंद्र सेजेस भैंसमुंडी एवं शासकीय उ मा विद्यालय करेली बड़ी और नगरी ब्लाक में दो केंद्र सेजेस नगरी एवं शासकीय उ मा विद्यालय बेलरगांव को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। जानकारी के अनुसार जिले के सिटी कोतवाली धमतरी, नगरी, सिहावा, मगरलोड एवं कुरुद थाना में गोपनीय परीक्षा सामग्री सुरक्षित रखी गई है। परीक्षा के दिन निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में ही प्रश्न पत्रों की पेटियां खोली जाएगी और परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाई जाएंगी। गोपनीय परीक्षा सामग्री वितरण के दौरान परीक्षा शाखा के लेखन साहू, वाहन प्रभारी अधिकारी, केंद्राध्यक्ष, सह केंद्राध्यक्ष सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे। गोपनीय सामग्री के सुरक्षित परिवहन के लिए एक बस एवं तीन तूफान वाहनों की व्यवस्था की गई थी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा